यूके में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। दरअसल, ब्रिटेन की राजधानी लंदन से चोरी हुई एक लक्जरी कार 'बेंटले मल्सैन' पाकिस्तान के शहर कराची से बरामद हुई है। स्थानीय मीडिया ने बताया कि गाड़ी छापेमारी के बाद बरामद की गई। गाड़ी ब्रिटेन से चुराकर पाकिस्तान से लाई गई थी। इस कार की कीमत 3,00,000 डॉलर बताई जा रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक, 'बेंटले मल्सैन' की चोरी के बारे में ब्रिटेन की खुफिया एजेंसी ने पाकिस्तानी अधिकारियों को बताया था कि कार कराची के रक्षा आवास प्राधिकरण (डीएचए) क्षेत्र के एक घर में पार्क है। इसकी पुष्टि सीमा शुल्क प्रवर्तन (सीसीई) ने भी की थी। ब्रिटेन की खुफिया एजेंसी की जानकारी के आधार पर पुलिस ने शनिवार को छापेमारी के बाद 'बेंटले मल्सैन' बरामद किया।
फेडरल बोर्ड ऑफ रेवेन्यू (एफबीआर) कलेक्ट्रेट ऑफ कस्टम्स ने एक बयान में बताया कि ब्रिटेन की राष्ट्रीय एजेंसी से पता चला था कि एक ग्रे रंग की बेंटले मल्सैन जिसका VIN नंबर SCBBA63Y7FC001375 और इंजन नंबर CKB304693 है, लंदन से चोरी हो गई थी। उन्होंने यह भी बताया कि ब्रिटेन की खुफिया एजेंसी ने बताया था कि गाड़ी को कराची के एक घर में पार्क किया गया है। उन्होंने बताया कि इसके बाद कार्रवाई कर कार को बरामद किया गया और दो आरोपियों जमील शफी और नवीद बिलवानी को हिरासत में ले लिया गया है। उन्होंने ये भी बताया कि एक अन्य आरोपी नावेद यामीन अभी फरार है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, कार कुछ समय पहले लंदन में चोरी हो गई थी। जिसके बाद इस कारनामे में शामिल लोगों ने पूर्वी यूरोपीय देश के एक शीर्ष राजनयिक के दस्तावेजों का इस्तेमाल करके कार को पाकिस्तान पहुंचा दिया। वहीं, अगर गाड़ी के बारे में बात करें तो ये इस ब्रांड की ये सबसे बड़ी और सबसे महंगी सेडान है। वहीं, इसकी कीमत 3,00,000 डॉलर (भारतीय करेंसी में 2,39,24,714 रुपये और पाकिस्तानी करेंसी में 6,57,90,000 रुपये) से ज्यादा है। सीमा शुल्क के अधिकारियों ने बताया कि इस कार का रजिस्ट्रेशन भी फर्जी है। वहीं इसकी तस्करी के कारण 30 करोड़ से ज्यादा की टैक्स चोरी की बात भी सीमा शुल्क की एफआईआर में दर्ज की गई है। फिलहाल मामले में अभी भी जांच जारी है। अधिकारी इस पूरे गैंग के मास्टर माइंड की तलाश में जुटे हुए हैं।