जंगलों में लगी आग की चेतावनी के कारण करीब 50,000 लोगों को घरों से बाहर निकाल लिया गया है। लॉस ऐंजलिस और सोनोमा काउंटी में आपात स्थिति घोषित कर दी ई है। कैलिफोर्निया के दमकल विभाग का कहना है कि राज्य में आग की स्थिति बहुत गंभीर है।
कैलिफॉर्निया की सोनोमा काउंटी आग से सबसे ज्यादा प्रभावित हुई है। यह इलाका बियर और शराब के लिए प्रसिद्ध है। यह आग करीब 21,900 एकड़ (8,800 हेक्टेयर) भूमि क्षेत्र में फैली है। इसके अलावा लॉस ऐंजलिस में भी आग पहुंच गई है। इस आग को गेटी फायर कहा जा रहा है।
राज्य के दो विपरीत छोर पर हुए दो प्रमुख विस्फोटों के बारे में कैलिफोर्निया के गवर्नर गेविन न्यूजोम ने सोमवार को कहा कि, 'मुझे पता है कि यह चिंता की घड़ी है। ऐसे वक्त में लोगों को गुस्सा आने लगता है लोग आक्रोशित हो जाते हैं। उन्हें खुद पर संयम रखना चाहिए।'
लॉस ऐंजिल्स की यह आग मशहूर गेटी सेंटर के पास लगी है। यह आग करीब 600 एकड़ तक फैल चुकी है। यहां स्थित करीब 10 हजार घरों को तुरंत खाली करवाने का आदेश दिया गया है। कैलिफोर्निया के दक्षिण क्षेत्र में हवाएं 50 से 70 मील प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही है, वहीं लॉस एंजिल्स के पहाड़ी इलाके में इसकी रफ्तार 80 मील प्रति घंटा है।
कैलिफोर्निया के इतिहास में जंगल की आग 2018 में सबसे खतरनाक रही, जब उत्तरी कैलिफॉर्निया में बिजली लाइनों के कारण 85 लोग मारे गए थे। इस बार बिजली की सप्लाइ पहले ही काट दी गई है।