अमेरिकी सैनिकों के यौन हमले में बीते साल मामूली बढ़ोतरी हुई है। बुधवार को जारी वर्ष 2020 के सैन्य हमलों की रिपोर्ट में कहा गया है कि कोरोना महामारी के कारण सैनिक अपने सैन्य अड्डों में ही महीनों तक रुके रहे।
अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार 2019 के मुकाबले 2020 में यौन हमलों में करीब एक प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। थल सेना व नौसेना में इस तरह की घटनाओं में मामूली वृद्धि हुई, वहीं वायुसेना में यह घटे हैं।
वर्ष 2019 में 7800 से ज्यादा यौन हमले हुए, जबकि पिछले साल 6000 से कुछ ज्यादा हुए थे। 2020 में यौन हमलों में मामूली बढ़ोतरी में लॉकडाउन की क्या भूमिका रही, यह स्पष्ट नहीं है। अमेरिकी रक्षा प्रतिष्ठान पेंटागन ने इन आंकड़ों को अभी सार्वजनिक नहीं किया है।
हालांकि इन आंकड़ों को लेकर भी नई बहस छिड़ सकती है कि अमेरिका सेना में 10 साल बाद भी ऐसे हमले रोके नहीं जा सके हैं। यह भी मांग जोर पकड़ रही है कि ऐसे मामलों में आरोपियों पर सैन्य अदालतों की बजाए नागरिक अदालतों में मुकदमे चलाए जाना चाहिए।