फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अमेरिका के 46वें राष्ट्रपति होंगे जो बाइडन, संसद में 270 इलेक्टोरल कॉलेज वोट हुए प्रमाणित

Thu, 07 Jan 2021 02:25 PM IST
Amit Mandal वर्ल्ड डेस्क, वाशिंगटन, अमर उजाला

खास बातें

अमेरिका के निवर्तमान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हजारों समर्थक बुधवार (स्थानीय समयानुसार) अमेरिकी कैपिटल में घुस गए और पुलिस के साथ उनकी झड़प हुई। इन घटनाओं में एक महिला समेत चार लोगों की मौत हो गई और कई घायल हुए हैं। साथ ही नए राष्ट्रपति के रूप में जो बाइडन के नाम पर मुहर लग गई है। बाइडन की जीत के लिए जरूरी 270 इलेक्टोरल कॉलेज वोटों को संसद के दोनों सदनों ने प्रमाणित कर दिया है। अब वे 20 जनवरी को अमेरिका के 46वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ लेंगे। वहीं डोनाल्ड ट्रंप को उनके कार्यकाल से पहले पद से हटाया जा सकता है। इसके लिए 25वें संविधान संशोधन की मदद ली जा सकती है। यह उपराष्ट्रपति और कैबिनेट को एक राष्ट्रपति को हटाने की अनुमति देता है अगर उसे 'अपने कार्यालय की शक्तियों और कर्तव्यों का निर्वहन करने में असमर्थ' माना जाता है। यहां पढ़ें इससे जुड़े अपडेट्स-
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

02:18 PM, 07-Jan-2021

20 जनवरी को शपथ लेंगे बाइडन

संयुक्त राज्य अमेरिका के उपराष्ट्रपति माइक पेंस ने घोषणा की कि 20 जनवरी को जो बाइडन अमेरिका के राष्ट्रपति के तौर पर शपथ लेंगे।

02:12 PM, 07-Jan-2021

बाइडन की जीत हुई प्रमाणित

270 चुनावी मतों के प्रमाणित होने के बाद, इलेक्टोरल कॉलेज में जो बाइडन की जीत प्रमाणित हुई है, जो यह पुष्टि करता है कि वह संयुक्त राज्य अमेरिका के 46वें राष्ट्रपति होंगे।

02:04 PM, 07-Jan-2021

अमेरिकी संसद ने एरिजोना के चुनाव नतीजों पर ट्रंप की चुनौती खारिज की

अमेरिकी संसद के दोनों सदनों- प्रतिनिधि सभा और सीनेट ने एरिजोना में नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडन की जीत को दी गयी चुनौती खारिज कर दी है। सीनेट ने बाइडन की एरिजोना में जीत के खिलाफ निवर्तमान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की चुनौती खारिज कर दी है और कहा है कि एरिजोना के नतीजे मान्य हैं। एरिजोना में चुनाव के नतीजों पर रिपब्लिकन सांसद पॉल गोसर और सीनेटर टेड क्रूज ने आपत्ति की थी जिसे छह के मुकाबले 93 मतों से खारिज कर दिया गया।

विज्ञापन
02:02 PM, 07-Jan-2021

सीनेट ने खारिज की पेंसिलवेनिया में इलेक्टोरल कॉलेज वोटों पर आपत्ति

सीनेट ने बाइडन के लिए पेंसिलवेनिया में इलेक्टोरल कॉलेज वोटों पर रिपब्लिकन पार्टी की आपत्ति भी खारिज कर दी। सीनेट के सदस्यों ने सात के मुकाबले 92 मतों से इस आपत्ति को नामंजूर कर दिया। सीनेट के बहुमत के नेता मिच मैककोनेल ने कहा कि उन्हें भरोसा है कि किसी भी दूसरे राज्यों के नतीजों को चुनौती नहीं दी जाएगी। इसका मतलब है कि पेंसिलवेनिया की चुनौती पर सदन की वोटिंग के बाद बाइडन की जीत पर संसद की औपचारिक मुहर लग जाएगी। सीनेट ने बिना किसी चर्चा के ही पेंसिलवेनिया के वोटों को रद्द करने के प्रयासों को खारिज कर दिया।

01:44 PM, 07-Jan-2021

समय से पूर्व खत्म हो सकता है ट्रंप का कार्यकाल

अमेरिका में एक तरफ नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडन को 20 जनवरी को पद की शपथ लेनी है तो दूसरी तरफ देश में अप्रत्याशित अराजकता का माहौल है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि क्या 20 जनवरी को ट्रंप का कार्यकाल खत्म होने से पहले उन्हें पद से हटाया जा सकता है? इस बात पर भी चर्चा हो रही है कि क्या ट्रंप को अमेरिकी संविधान के 25वें संशोधन का सहारा लेकर हटाना मुमकिन है? इस संशोधन के जरिए राष्ट्रपति की अपनी ही कैबिनेट उन्हें पद से हटा सकती है।

विज्ञापन
12:55 PM, 07-Jan-2021

अमेरिकी सांसदों ने ट्रंप को शीघ्र पद से हटाने की मांग की

अमेरिका के अनेक सांसदों ने निवर्तमान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को तत्काल पद से हटाए जाने की मांग की है। सांसदों का आरोप है कि ट्रंप ने अपने समर्थकों को भड़काया जिसके बाद उनके समर्थक कैपिटल परिसर में घुस गए और हंगामा किया और इससे अमेरिकी लोकतंत्र को ठेस पहुंची है।


12:17 PM, 07-Jan-2021

भारी पुलिसबलों की मौजूदगी में अमेरिकी कांग्रेस ने शुरू किया काम

भारी पुलिसबलों की मौजूदगी में कांग्रेस के दोनों सदनों ने बिडेन की इलेक्टोरल कॉलेज की जीत को प्रमाणित करने पर अपना काम फिर से शुरू कर दिया है। उपराष्ट्रपति माइक पेंस ने कहा, 'जिन लोगों ने आज कैपिटल परिसर के बाहर हिंसा की, आप नहीं जीते हैं।'

11:16 AM, 07-Jan-2021

जानकारियों को इकट्ठा कर रही है एफबीआई

बीबीसी न्यूज रिपोर्ट के अनुसार, एफबीआई ने कहा, 'उन जानकारियों को प्राप्त किया जा रहा है जिससे उन लोगों की पहचान करने में सहायता मिलेगी जो वाशिंगटन डीसी में सक्रिय रूप से हिंसा भड़का रहे हैं।'
 
 

10:59 AM, 07-Jan-2021

नेवादा के इलेक्टोरल वोटों को दी गई चुनौती

नेवादा के इलेक्टोरल वोटों को रिपब्लिकन प्रतिनिधियों द्वारा चुनौती दी गई थी, लेकिन किसी भी सीनेटर ने आपत्ति पर हस्ताक्षर नहीं किए। इसलिए इन वोटों को स्वीकार किया जाता है।

10:40 AM, 07-Jan-2021

अमेरिकी कांग्रेस का शर्मनाक दृश्य

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने कैपिटल परिसर में हुई हिंसा को लेकर ट्वीट कर कहा, 'अमेरिकी कांग्रेस का शर्मनाक दृश्य। संयुक्त राज्य अमेरिका दुनिया भर में लोकतंत्र के लिए खड़ा रहता है और अब यह महत्वपूर्ण है कि सत्ता का शांतिपूर्ण और व्यवस्थित हस्तांतरण होना चाहिए।'
 
 

10:33 AM, 07-Jan-2021

माइक पेंस ने कहा- 'हिंसा कभी नहीं जीतती'

ट्रंप समर्थकों द्वारा अमेरिकी कैपिटल में हिंसा की निंदा करते हुए उपराष्ट्रपति माइक पेंस ने कहा कि हिंसा कभी नहीं जीतती है, स्वतंत्रता जीतती है।

10:30 AM, 07-Jan-2021

विजयी घोषित हुए बाइडन

यूएस हाउस और सीनेट ने संयुक्त सत्र को फिर से शुरू किया। इलेक्टोरल कॉलेज वोटों को प्रमाणित करने के परिणामस्वरूप जो बाइडन को विजयी घोषित किया गया।

10:25 AM, 07-Jan-2021

एफबीआई ने संदिग्ध विस्फोटकों को किया निष्क्रिय

एफबीआई ने कहा कि उसने दो संदिग्ध विस्फोटक उपकरणों को निष्क्रिय कर दिया है और अधिकारियों ने हमले के लगभग 4 घंटे बाद कैपिटल को 'सुरक्षित' घोषित कर दिया है।

10:22 AM, 07-Jan-2021

हिंसा मामले में गिरफ्तार हुए 52 लोग

वाशिंगटन के पुलिस प्रमुख का कहना है कि कैपिटल में हुई हिंसा के मामले में 52 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

09:54 AM, 07-Jan-2021

हिंसक झड़प में चार लोगों की मौत

वाशिंगटन डीसी की पुलिस के अनुसार, कैपिटल परिसर में ट्रंप समर्थकों की झड़प के दौरान चार लोगों की मौत हो गई है। एक महिला को पुलिस की गोली लगी। तीन अन्य की मेडिकल आपातकाल में मौत हो गई है। 
 
 

09:51 AM, 07-Jan-2021

वैश्विक नेताओं ने अमेरिकी हिंसा की निंदा की

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन, न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जेसिंडा अर्डर्न और संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुतारेस सहित कई वैश्विक नेताओं ने अमेरिकी हिंसा की निंदा की।

09:42 AM, 07-Jan-2021

वाशिंगटन में बढ़ा सार्वजनिक आपातकाल

वाशिंगटन डीसी की मेयर म्यूरियल बोसेर ने कहा कि मैंने आज 15 दिनों के लिए घोषित किए गए सार्वजनिक आपातकाल को बढ़ाने का आदेश जारी किया है।
 
 

09:38 AM, 07-Jan-2021

ट्रंप को तुरंत पद से हटाया जा सकता है

अमेरिका में अब डोनाल्ड ट्रंप को तुरंत पद से हटाने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल ट्रंप के कार्यकाल में दो हफ्ते बचे हैं, लेकिन करीब दो दर्जन से अधिक डेमोक्रेट सांसद उनके खिलाफ फिर से महाभियोग लाने की तैयारी में हैं।

09:33 AM, 07-Jan-2021

ओबामा ने ट्रंप की आलोचना की

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने एक बयान में कहा, 'इतिहास आज कैपिटल में हुई हिंसा को हमेशा याद रखेगा। इसे एक सिटिंग राष्ट्रपति द्वारा उकसाया गया। यह हमारे देश के लिए बेहद अपमान और शर्म की बात है। वह एक वैध चुनाव के परिणाम के बारे में लगातार निराधार रूप से झूठ बोल रहे हैं। यदि इस घटनाक्रम को हम एक आश्चर्य मानते हैं तो हम खुद के साथ मजाक कर रहे हैं।'

09:25 AM, 07-Jan-2021

20 जनवरी पद की शपथ लेंगे बाइडन-हैरिस

सदन में रिपब्लिकन सीनेटर लिंडसे ग्राहम ने कहा, 'जो बाइडन और कमला हैरिस कानूनन चुने गए हैं और 20 जनवरी को वे ही अमेरिका के राष्ट्रपति-उप राष्ट्रपति होंगे।'

09:18 AM, 07-Jan-2021

ट्रंप को पद से संभावित तौर पर हटाया जा सकता है

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मंत्रिमंडल के सदस्यों ने बुधवार को ट्रंप को पद से संभावित तौर पर हटाने को लेकर चर्चा की। ऐसा इसलिए किया गया क्योंकि उनके समर्थकों की कैपिटल परिसर में पुलिस के साथ हिंसक झड़प हो गई। चर्चा अमेरिकी संविधान के 25वें संशोधन पर केंद्रित है, जो उपराष्ट्रपति और कैबिनेट द्वारा एक राष्ट्रपति को हटाने की अनुमति देता है अगर उसे 'अपने कार्यालय की शक्तियों और कर्तव्यों का निर्वहन करने में असमर्थ' माना जाता है।

09:06 AM, 07-Jan-2021

विदेशों में अमेरिकी राजनयिकों को सोशल मीडिया पोस्ट निलंबित करने को कहा गया

सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, तीन राजनयिक स्रोतों ने बताया कि विदेशों में अमेरिकी राजनयिकों को वाशिंगटन में कैपिटल हिल पर हुई हिंसक झड़प को देखते हुए सभी सोशल मीडिया पोस्ट को निलंबित करने के लिए कहा गया है। यह कदम आमतौर पर आतंकवादी हमले या बड़ी प्राकृतिक आपदा के दौरान उठाया जाता है। 
 
 

09:03 AM, 07-Jan-2021

सीनेट ने दोबारा शुरू किया चुनावी प्रमाणन

अमेरिकी सीनेट ने चुनावी प्रमाणन फिर से शुरू कर दिया है।

09:01 AM, 07-Jan-2021

सीनेट ने खारिज की बाइडन की जीत को दी गई चुनौती

अमेरिकी सीनेट ने एरिजोना में जो बाइडन की चुनावी जीत को लेकर दी गई चुनौती को खारिज कर दिया।

08:52 AM, 07-Jan-2021

20 जनवरी से पहले ट्रंप को पदसे हटा देना चाहिए

सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, कई रिपब्लिकन नेताओं और कैबिनेट अधिकारियों का कहना है कि उन्हें लगता है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को 20 जनवरी से पहले पद से हटा दिया जाना चाहिए।
 
 

08:50 AM, 07-Jan-2021

कमला हैरिस ने कहा- ट्रंप अपने समर्थकों से हटने को कहें

अमेरिकी उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनी गईं कमला हैरिस ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समर्थकों के यूएस कैपिटल से हटने की मांग की है। हैरिस ने ट्वीट कर कहा, 'मैं कैपिटल और अपने देश के लोक सेवकों पर हमले के लिए बाइडेन के आह्वान में शामिल हूं जिसमें उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के काम को आगे बढ़ने दें।'
 
 

08:46 AM, 07-Jan-2021

माइक पेंस ने हिंसा की निंदा की

अमेरिकी उपराष्ट्रपति माइक पेंस ने कहा कि हम इस हिंसा की कड़ी निंदा करते हैं। उन्होंने गोली लगने से जान गंवाने वाली महिला को लेकर शोक व्यक्त किया। पेंस ने कहा कि उन लोगों को भी चोट लगी है जिन्होंने आज हमारे कैपिटल का बचाव किया है।

08:43 AM, 07-Jan-2021

सारा मैथ्यूज ने दिया पद से इस्तीफा

फॉक्स न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, व्हाइट हाउस की उप प्रेस सचिव सारा मैथ्यूज ने आज घटित हुई घटनाओं के मद्देनजर ट्रंप प्रशासन से इस्तीफा दे दिया है।
 
 

08:41 AM, 07-Jan-2021

ट्रंप का इंस्टाग्राम अकाउंट भी हुआ निलंबित

इंस्टाग्राम के प्रमुख एडम मोसेरी ने कहा, 'हम राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इंस्टाग्राम अकाउंट को 24 घंटे के लिए बंद कर रहे हैं।'
 
 

08:39 AM, 07-Jan-2021

दुनिया को दिखाया जाएगा जो बाइडन की जीत का सर्टिफिकेट 

एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, यूएस हाउस की स्पीकर नैंसी पैलोसी ने कहा कि निर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडन की चुनावी जीत का कांग्रेस का सर्टिफिकेट दुनिया को दिखाया जाएगा।
 

 

08:16 AM, 07-Jan-2021

सत्ता का व्यवस्थित हस्तांतरण जारी रहना चाहिए

अमेरिकी हिंसा पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'वॉशिंगटन डीसी में दंगों और हिंसा के बारे में समाचार देखने के बाद परेशान हूं। सत्ता का व्यवस्थित और शांतिपूर्ण हस्तांतरण जारी रहना चाहिए। लोकतांत्रिक प्रक्रिया को गैरकानूनी विरोध प्रदर्शन के माध्यम से प्रभावित नहीं होने दिया जा सकता है।'
 

08:12 AM, 07-Jan-2021

फेसबुक ने भी ट्रंप का अकाउंट किया निलंबित

ट्विटर द्वारा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के अकाउंट को निलंबित करने के एक घंटे बाद, फेसबुक ने भी इसका अनुसरण किया। द एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, यह फैसला ऐसे समय पर लिया गया जब ट्रंप के समर्थक कैपिटल परिसर के बाहर प्रदर्शन करने लगे और उनकी पुलिस से झड़प हो गई।
 

 

08:08 AM, 07-Jan-2021

हिंसा के मद्देनजर ट्रंप के कई सहयोगी दे सकते हैं इस्तीफा

राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार रॉबर्ट ओ ब्रायन सहित राष्ट्रपति ट्रंप के कई शीर्ष सहयोगी, आज अमेरिका के कैपिटल में ट्रंप समर्थकों की हिंसा के मद्देनजर पद से इस्तीफा देने पर विचार कर रहे हैं। यह जानकारी सीएनएन ने दी है।
 
 

08:06 AM, 07-Jan-2021

दोबारा इकट्ठा हुए अमेरिकी सांसद

वाशिंगटन डीसी में अमेरिकी कैपिटल में हिंसा के बाद अमेरिकी सांसदों ने इलेक्टोरल कॉलेज के वोटों को प्रमाणित करने के लिए फिर से इकट्ठा हुए।
 
 

07:59 AM, 07-Jan-2021

ट्विटर ने ट्रंप को जारी की चेतावनी

ट्विटर ने ट्रंप को चेतावनी देते हुए कहा, 'हमारी सिविक इंटीग्रिटी या हिंसक धमकियों की नीतियों सहित ट्विटर नियमों का भविष्य में उल्लंघन, डोनाल्ड ट्रंप के अकाउंट के स्थायी निलंबन का परिणाम होगा।'
 
 

07:57 AM, 07-Jan-2021

ट्विटर ने ट्रंप के ट्वीट को किया प्रतिबंधित 

यूएस कैपिटल में हिंसा के मद्देनजर ट्विटर ने निवर्तमान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के वीडियो ट्वीट को प्रतिबंधित कर दिया है। ट्विटर का कहना है, 'चुनावी धोखाधड़ी का यह दावा विवादित है और इस ट्वीट को हिंसा के जोखिम के कारण, रीट्वीट, रिप्लाई या लाइक नहीं किया जा सकता है।'
 
 

07:52 AM, 07-Jan-2021

रास्ते में हैं नेशनल गार्ड

व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कायले मैकनन ने ट्वीट कर कहा, 'राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निर्देश पर, नेशनल गार्ड अन्य संघीय सुरक्षात्मक सेवाओं के साथ रास्ते में हैं।'
 
 

07:17 AM, 07-Jan-2021

स्टेफनी ग्रीशम ने इस्तीफा दिया

कैपिटल परिसर में हिंसा के बाद प्रथम अमेरिकी महिला मेलानिया ट्रंप की चीफ ऑफ स्टाफ स्टेफनी ग्रीशम ने इस्तीफा दिया।  
 

 

07:07 AM, 07-Jan-2021

संसद में दोबारा काम शुरू

यूएस कैपिटल (संसद) परिसर में हिंसा के बाद सांसदों ने इलेक्टोरल कॉलेज वोट को प्रमाणित करने पर दोबारा काम शुरू किया। 
 

06:49 AM, 07-Jan-2021

एक घंटे में दो ट्वीट कर शांति की अपील

बता दें कि भारी हंगामे के बाद ट्रंप ने एक घंटे के अंदर दो ट्वीट कर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने लिखा, कृपया पुलिस का सहयोग करें। वे असल में हमारे देश की तरफ हैं। शांतिपूर्वक रहें। हमें याद रखना चाहिए कि कानून-व्यवस्था का पालन करने वाली पार्टी से जुड़े हैं। कानून का सम्मान करें। 
 

06:40 AM, 07-Jan-2021

कैपिटल परिसर खाली करवाया गया

फिलहाल पुलिस ने कैपिटल परिसर को खाली करवा लिया है और यहां ट्रंप समर्थकों की भीड़ नजर नहीं आ रही है। ट्रंप ने वाशिंगटन डीसी में अपने हजारों समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा था कि जब धांधली हुई हो तब आपको अपनी हार स्वीकार नहीं करनी चाहिए। ट्रंप ने एक घंटे से अधिक के अपने भाषण में दावा किया कि उन्होंने इस चुनाव में शानदार जीत हासिल की है। इसके बाद से समर्थक बेकाबू हो गए थे। 
 

06:16 AM, 07-Jan-2021

ट्विटर ने दिखाई सख्ती

ट्विटर ने कहा कि अगर भविष्य में उसके नियमों का उल्लंघन हुआ या राजनीतिक धमकी दी गई तो डोनाल्ड ट्रंप का अकाउंट हमेशा के लिए निलंबित कर दिया जाएगा। 

 

06:02 AM, 07-Jan-2021

ट्रंप का ट्विटर अकाउंट निलंबित

यूएस कैपिटल में हिंसा के बाद ट्विटर ने डोनाल्ड ट्रंप के तीन ट्वीट हटाए। इसमें वह वीडियो भी शामिल है जिसमें ट्रंप ने समर्थकों को संबोधित किया था। इसके साथ ही ट्विटर ने ट्रंप का अकाउंट 12 घंटे के लिए निलंबित कर दिया है। 
 

05:49 AM, 07-Jan-2021

ट्रंप के भाषण के बाद हिंसा

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संसद का संयुक्त सत्र शुरू होने से ठीक पहले कहा कि वह चुनाव में हार को स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि इसमें धांधली हुई है और यह धांधली उनके डेमोक्रेटिक प्रतिद्वंद्वी जो बाइडन के लिए की गई, जो नवनिर्वाचित राष्ट्रपति हैं। इसी के बाद हिंसा शुरू हुई। 

05:36 AM, 07-Jan-2021

रिपब्लिकन सीनेटरों ने ही किया प्रदर्शनकारियों का विरोध

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी के सांसदों ने ही उनके समर्थकों के कैपिटल बिल्डिंग में घुसने का विरोध जताया। रिपब्लिकन सीनेटर कॉटन, जॉनसन आदि ने कैपिटल बिल्डिंग के अंदर हिंसा को अस्वीकार्य बताते हुए ट्वीट किए और ट्रंप समर्थकों से वापस लौटने की अपील की। यूएस हाउस में रिपब्लिकन संसदीय दल के नेता मैक्कार्थी ने कहा, यूएस कैपिटल बिल्डिंग में प्रदर्शनकारी गतिविधि ‘अमेरिकी मूल्य’ नहीं हैं। इसे अब रोकना होगा। 

 

05:28 AM, 07-Jan-2021

सांसदों को पहनाए गैस मास्क

कैपिटल पुलिस ने ट्रंप समर्थकों की तरफ से रासायनिक गैसों के इस्तेमाल की आशंका जताई और एहतियात के तौर पर अमेरिकी कांग्रेस की प्रतिनिधि सभा के सदस्यों को अपनी डेस्क में मौजूद गैस मास्क पहनने का निर्देश दिया। सभी सदस्यों को यूएस हाउस चैंबर में कैपिटल पुलिस ने अपने सुरक्षा घेरे में ले लिया। तीसरे फ्लोर पर मौजूद सांसदों को पुलिस ने बाहर निकाल लिया है। कैपिटल पुलिस ने यूएस हाउस चैंबर में मौजूद सभी मीडियाकर्मियों को भी फर्श पर लिटा दिया।

 

05:01 AM, 07-Jan-2021

फेसबुक ने भी ट्रंप का वीडियो हटाया

ट्विटर के बाद फेसबुक ने भी ट्रंप का वीडियो हटा दिया है जिसमें वह समर्थकों को संबोधित करते हुए चुनाव में धोखाधड़ी की बात कह रहे थे। फेसबुक के वाइस प्रेसीडेंट गॉय रोसेन ने कहा कि हमने इस वीडियो इसलिए हटाया क्योंकि हमें लगता है कि इससे हिंसा बढ़ सकती है। 
 

04:54 AM, 07-Jan-2021

महिला की मौत

यूएस कैपिटल में हिंसा: सीएनएन के मुताबिक, जिस महिला को प्रदर्शन के दौरान गोली लगी थी उसकी अस्पताल में मौत हो गई।
 

 
 

04:20 AM, 07-Jan-2021

कैपिटल बिल्डिंग अब पूरी तरह सुरक्षित

अधिकारियों ने कहा कि कैपिटल बिल्डिंग अब पूरी तरह सुरक्षित है। यहां बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी घुस आए थे। इस दौरान जमकर हिंसा भी हुई। 
 
 

04:13 AM, 07-Jan-2021

ट्रंप समर्थकों की पुलिस के साथ झड़प

कैपिटल बिल्डिंग में घुसने के दौरान ट्रंप समर्थकों की पुलिस के साथ झड़प हुई। देखें वीडियो-
 
 

03:51 AM, 07-Jan-2021

एक नागरिक को गोली लगी, कई अधिकारी घायल

रायटर्स की खबर के मुताबिक, वाशिंगटन डीसी पुलिस प्रमुख ने इस बात की पुष्टि की कि एक नागरिक को गोली लगी है और कई अधिकारी घायल हुए हैं। 

 

03:24 AM, 07-Jan-2021

ट्विटर ने ट्रंप के वीडियो ट्वीट को रोका

हिंसा के बीच ट्विटर ने ट्रंप के वीडियो ट्वीट को रोक दिया है। ट्विटर ने इसकी वजह बताते हुए कहा कि चुनाव को धोखेबाजी बताया गया है और इस ट्वीट को रीट्वीट या लाइक नहीं किया जा सकता क्योंकि इससे हिंसा बढ़ने का खतरा है। 
 

03:18 AM, 07-Jan-2021

राष्ट्रपति ट्रंप की समर्थकों से लौट जाने की अपील

कैपिटल में राष्ट्रपति ट्रंप ने समर्थकों से कहा, चुनाव में जीत हमसे छीन ली गई। वो स्पष्ट नतीजे वाला चुनाव था और हर कोई इसे जानता है खास तौर पर दूसरा पक्ष। अब आपको घर चले जाना चाहिए। हमें शांति बनाए रखनी चाहिए। हमें कानून का पालन करना होगा। हम किसी को चोट नहीं पहुंचाना चाहते हैं। 

 

03:15 AM, 07-Jan-2021

स्मोक ग्रेनेड के साथ सुरक्षाकर्मियों की तैनाती

सीएनएन के मुताबिक, यूएस कैपिटल के पास स्मोक ग्रेनेड के साथ सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। पुलिस भीड़ को हटाने की कोशिश में जुटी है।  
 

03:13 AM, 07-Jan-2021

बाइडन ने कहा, हमारा लोकतंत्र हमले झेल रहा है

बाइडन ने कहा, इस समय हमारा लोकतंत्र हमले झेल रहा है। आधुनिक दौर में हमने ऐसा कभी नहीं देखा। ये हमला है आजादी पर, कैपिटल पर। जनता के प्रतिनिधियों पर हमला है और कैपिटल पुलिस पर भी हमला है जिन्होंने उनकी सुरक्षा की शपथ ली है। 

 

02:58 AM, 07-Jan-2021

गोली लगने से महिला गंभीर रूप से घायल

सीएनएन के मुताबिक, एक महिला के सीने में गोली लगी है और उसकी हालत गंभीर है। 


 

02:56 AM, 07-Jan-2021

कई पुलिस अधिकारियों के घायल होने की खबर

सीएनएन के मुताबिक, ट्रंप समर्थकों के साथ झड़प में कई पुलिस अधिकारियों के घायल होने की खबर है। एक अधिकारी को अस्पताल भी ले जाया गया है। 

 

02:51 AM, 07-Jan-2021

बाइडन ने की ट्रंप से अपील

नव-निर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा, मैं राष्ट्रपति ट्रंप से अपील करता हूं कि वह नेशनल टेलीविजन पर आएं और संविधान की रक्षा की शपथ को पूरा करें। मैं उनसे इस स्थिति को खत्म करने की अपील करता हूं।
 
 

02:45 AM, 07-Jan-2021

डीसी नेशनल गार्ड सक्रिय

ट्रंप समर्थकों के प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा विभाग द्वारा डीसी नेशनल गार्ड को सक्रिय कर दिया गया है। 
 

02:41 AM, 07-Jan-2021

सांसद ने कहा, मैंने पाइप बम की आवाज सुनी 

अमेरिकी सासंद इलेन लूरिया ने कहा, मैंने अपना दफ्तर खाली कर दिया है क्योंकि मैंने अभी पाइप बम की आवाज सुनी है। मैंने गोलियों की आवाजें भी सुनी हैं।

 

02:33 AM, 07-Jan-2021

कैपिटल बिल्डिंग के बाहर ट्रंप समर्थकों का प्रदर्शन 

कैपिटल बिल्डिंग के बाहर ट्रंप समर्थकों ने इस तरह प्रदर्शन किया। जो बाइडन को जीत के सर्टीफिकेट पर बहस के बाद प्रदर्शन शुरू हुआ। 
   



 

02:30 AM, 07-Jan-2021

प्रदर्शनकारियों को हटाया गया

यूएस सीनेटर परिसर से प्रदर्शनकारियों को हटा दिया गया है। एक अधिकारी ने सीएनएन से कहा कि इन्हें परिसर से हटाकर दूसरी ओर रोटुंगा की तरफ भेज दिया गया है। इन्हें कैपिटल बिल्डिंग से दूर किया जा रहा है।  
 

02:27 AM, 07-Jan-2021

ट्रंप ने ‘सेव अमेरिका’ मार्च का आह्वान किया

अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इससे पहले ट्रंप अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा, हम चुनाव जीत गए हैं। हम कभी हार नहीं मानेंगे। उन्होंने ‘सेव अमेरिका’ मार्च का आह्वान किया, जिस पर बड़ी संख्या में ट्रंप समर्थक कैपिटल हिल पहुंच गए और अंदर घुसने के लिए हंगामा शुरू कर दिया।

भाषण के बाद ट्रंप वाइट हाउस चले गए। वहीं, उनके समर्थक कैपिटल बिल्डिंग पहुंच गए। यहां उनकी सुरक्षाबलों से जमकर झड़प हुई। ट्रंप समर्थक चार स्तरीय सुरक्षा घेरे को तोड़कर आगे बढ़े। यहां उनकी पुलिस से भिड़ंत भी हुई। भीड़ और पुलिस ने एक-दूसरे पर स्प्रे भी छोड़ा। भीड़ का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि वाशिंगटन मान्यूमेंट से कैपिटल बिल्डिंग तक ट्रंप समर्थक सड़क पर थे।
 

02:19 AM, 07-Jan-2021

अमेरिका के 46वें राष्ट्रपति होंगे जो बाइडन, संसद में 270 इलेक्टोरल कॉलेज वोट हुए प्रमाणित

अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव के नतीजों पर अंतिम मुहर लगने से पहले तक डोनाल्ड ट्रंप हार स्वीकार करने को राजी नहीं हैं। नए राष्ट्रपति के निर्वाचन को मंजूरी देने के लिए वाशिंगटन में होने वाली अमेरिकी संसद (कांग्रेस) की बैठक से पूर्व ट्रंप ने चुनाव में धांधली का आरोप लगाते हुए शक्ति प्रदर्शन कर दबाव बनाते दिखे। ट्रंप के आह्वान पर उनके सैकड़ों समर्थक जबरन कैपिटल बिल्डिंग तक पहुंच गए और सीढ़ियों पर कब्जा कर लिया। 



जानिए हर अपडेट --

 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें