फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हैती में क्यों मची है सियासी उथल-पुथल? क्या वहां बन गए हैं 'दो राष्ट्रपति'

Tue, 16 Feb 2021 04:58 PM IST
Harendra Chaudhary वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, पोर्ट-ऑ-प्रिंस

सार

विपक्ष ने डेब्रेसिल को कार्यवाहक राष्ट्रपति बनाने का फैसला किया था। डेब्रेसिल को जेल में डाले जाने के बाद विपक्ष ने सुप्रीम कोर्ट एक दूसरे जज जोसेफ मेसिनी ज्यां लुई को अपना अंतरिम नेता चुना...
विज्ञापन
Protests in Haiti - फोटो : Agency
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कैरीबियाई देश हैती में सोमवार को भी प्रदर्शनों का सिलसिला जारी रहा। प्रदर्शन बीते एक हफ्ते चल रहे हैँ। इस दौरान राष्ट्रपति जोवेनेल मोइज के इस्तीफे की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे विपक्षी कार्यकर्ताओं ने कई जगह आगजनी की है। पुलिस ने उन पर रबर की गोलियां दागी हैं, जिससे कई प्रदर्शनकारी जख्मी हुए।

विज्ञापन


हैती में विपक्ष राष्ट्रपति से तुरंत इस्तीफे की मांग कर रहा है। उसकी दलील है कि राष्ट्रपति का कार्यकाल समाप्त हो गया है। उसके मुताबिक सात फरवरी 2021 को मोइज का कार्यकाल पूरा हुआ। इसके ठीक पांच साल पहले मोइज के पूर्ववर्ती राष्ट्रपति मिशेल मार्तेली ने ये पद छोड़ा था। लेकिन मार्तेली का दावा है कि उन्होंने पद 7 फरवरी 2017 को संभाला था, इसलिए अभी उनका कार्यकाल एक साल बाकी है।

गुजरे चार साल के दौरान मोइज पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे हैं। इस दौरान भी कई बार सरकार विरोधी प्रदर्शन हुए, जिनमें हिंसा भी हुई। देश में अक्तूबर 2019 में संसदीय चुनाव होने थे। लेकिन मोइज ने ये चुनाव नहीं कराए। तब से यानी लगभग डेढ़ साल से वे कार्यकारी आदेश से देश का शासन चला रहे हैं।
विज्ञापन


बीती सात फरवरी को विपक्षी नेताओं ने कहा कि राष्ट्रपति का कार्यकाल खत्म हो गया है, इसलिए उन्हें पद छोड़ देना चाहिए। इसके जवाब में मोइज ने कहा कि विपक्ष ने तख्ता पलटने और उनकी हत्या की कोशिश की थी, जिसे नाकाम कर दिया गया। मोइज की सरकार ने तख्ता पलट की साजिश के आरोप में 23 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

इनमें सुप्रीम कोर्ट के जज इविकेल डेब्रेसिल भी शामिल हैं। बताया जाता है कि विपक्ष ने डेब्रेसिल को कार्यवाहक राष्ट्रपति बनाने का फैसला किया था। डेब्रेसिल को जेल में डाले जाने के बाद विपक्ष ने सुप्रीम कोर्ट एक दूसरे जज जोसेफ मेसिनी ज्यां लुई को अपना अंतरिम नेता चुना। उसके बाद हैती की मीडिया में कहा गया कि अब देश में ‘दो राष्ट्रपति’ हो गए हैं।

विपक्षी नेताओं ने तख्ता पलट की कोशिश के आरोप का खंडन किया है। उनका कहना है कि मोइज ने मनमाने और गैर-कानूनी ढंग से अपना कार्यकाल बढ़ा लिया है, इसलिए उनका वैकल्पिक राष्ट्रपति का चुनाव करना जायज है। जबकि मोइज सरकार ने विपक्षी कोशिश को अवैध और जबरन सत्ता हथियाने की कोशिश बताया है। इसी तनाव के कारण राजधानी पोर्ट-ऑ-प्रिंस पर भारी पुलिस बंदोबस्त किया गया है। खासकर सुप्रीम कोर्ट के आसपास पुलिस की जबर्दस्त तैनाती की गई है।

विश्लेषकों का कहना है कि अक्तूबर 2019 में संसदीय चुनाव को टालने का मोइज का फैसला समस्या की असली जड़ है। तब मोइज ने कहा था कि अब संसदीय चुनाव अक्तूबर 2021 में कराए जाएंगे। विश्लेषकों के मुताबिक बिना संसदीय निगरानी के कार्यकारी आदेश से सरकार चलाने का फैसला कर मोइज ने तानाशाही की तरफ कदम उठा दिया।

मोइज का दावा है कि लोकतंत्र के प्रति उनकी पूरी निष्ठा है। मोइज ने कहा है कि अपने कार्यकाल के बचे 12 महीनों में वे स्थानीय, संसदीय और नए राष्ट्रपति का चुनाव कराएंगे। लेकिन आलोचकों का कहना है कि मोइज इस बीच वे शर्त खत्म करना चाहते हैं, जिसके तहत कोई व्यक्ति दो कार्यकाल से ज्यादा राष्ट्रपति नहीं रह सकता। ये विवाद अब सड़कों पर उतर चुका है। जानकारों का कहना है कि मसले के जल्द हल होने की उम्मीद नहीं दिखती। यानी आशंका यह है कि हैती को लंबे समय तक राजनीतिक अस्थिरता का सामना करना पड़ेगा।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें