ब्रिटेन के राजा किंग चार्ल्स तृतीय ने कैंसर के खिलाफ अपनी जंग में एक अहम उपलब्धि साझा करते हुए कहा है कि नए साल से उनके इलाज का कार्यक्रम कम किया जाएगा। 77 वर्षीय सम्राट ने इस अच्छी खबर के साथ लोगों से कैंसर की समय पर जांच (स्क्रीनिंग) कराने की जोरदार अपील भी की। किंग चार्ल्स ने शुक्रवार शाम एक दुर्लभ वीडियो संदेश जारी किया। यह संदेश ‘स्टैंड अप टू कैंसर’ अभियान के तहत कैंसर रिसर्च यूके और चैनल-4 के संयुक्त प्रयास के मौके पर प्रसारित किया गया। यह लगभग दो साल बाद आया है, जब बकिंघम पैलेस ने पहली बार उनके कैंसर उपचार की जानकारी दी थी।
इलाज में अहम पड़ाव
अपने पहले से रिकॉर्ड किए गए संदेश में किंग चार्ल्स ने कहा मैं आपसे यह अच्छी खबर साझा कर सकता हूं कि समय पर बीमारी की पहचान, प्रभावी इलाज और डॉक्टरों की सलाह का पालन करने से नए साल में मेरे कैंसर उपचार को कम किया जा सकेगा। उन्होंने इसे निजी तौर पर राहत देने वाला पल बताया और कहा कि यह कैंसर के इलाज में हाल के वर्षों में हुई उल्लेखनीय प्रगति का प्रमाण है। किंग चार्ल्स ने उम्मीद जताई कि यह संदेश उन लाखों लोगों को हौसला देगा, जिनमें से करीब 50 प्रतिशत को जीवन में किसी न किसी समय कैंसर का सामना करना पड़ सकता है।
समय पर जांच पर जोर
राजा चार्ल्स ने ब्रिटेन में शुरू किए गए नए ‘स्क्रीनिंग चेकर’ ऑनलाइन टूल को भी बढ़ावा दिया। इस टूल के जरिए लोग यह जान सकते हैं कि वे एनएचएस के तहत स्तन, आंत या सर्वाइकल कैंसर की जांच के पात्र हैं या नहीं। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि देश में कम से कम 90 लाख लोग अब तक उपलब्ध कैंसर स्क्रीनिंग नहीं करा पाए हैं। उन्होंने कहा यह 90 लाख ऐसे मौके हैं, जहां बीमारी की समय पर पहचान हो सकती थी। समय पर जांच से जान बचती है।
ये भी पढ़ें:- 'एलडीएफ उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा, नतीजों के बाद सुधारात्मक कदम उठाएंगे'; बोले सीएम विजयन
‘केयर कम्युनिटी’ का किया जिक्र
किंग चार्ल्स ने अपने इलाज के दौरान डॉक्टरों, नर्सों, शोधकर्ताओं और स्वयंसेवकों की भूमिका की सराहना करते हुए इसे “केयर की एक मजबूत श्रृंखला” बताया। उन्होंने कहा कि बीमारी के सबसे अंधेरे दौर में भी करुणा और सहयोग रोशनी की तरह काम करते हैं।
बकिंघम पैलेस का बयान
बकिंघम पैलेस ने बताया कि किंग चार्ल्स ने इलाज का बेहद सकारात्मक जवाब दिया है और अब उनका उपचार एहतियाती चरण में प्रवेश कर रहा है। पैलेस सूत्रों के अनुसार, राजा ने जानबूझकर अपने कैंसर के प्रकार का खुलासा नहीं किया है, ताकि किसी एक बीमारी को बाकी से अधिक महत्व न मिले।
प्रधानमंत्री की प्रतिक्रिया
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने इस वीडियो संदेश को “शक्तिशाली और जीवन बचाने वाला” करार दिया। उन्होंने कहा कि समय पर कैंसर स्क्रीनिंग न केवल जरूरी है, बल्कि यह कई जिंदगियों को बचा सकती है।
गौरतलब है कि फरवरी 2024 में कैंसर की पुष्टि के बाद किंग चार्ल्स ने सार्वजनिक कार्यक्रमों से दूरी बना ली थी, हालांकि उन्होंने बंद दरवाजों के पीछे अपने संवैधानिक दायित्व निभाना जारी रखा। अप्रैल में उन्होंने फिर से सार्वजनिक जीवन में वापसी की थी। अपने संदेश के अंत में किंग चार्ल्स ने कहा बीमारी के कठिन दौर में करुणा जरूरी है, लेकिन उसके साथ कार्रवाई भी उतनी ही अहम है। आपकी या आपके किसी प्रिय की जिंदगी समय पर जांच पर निर्भर हो सकती है।