तुर्की के राष्ट्रपति तैयप एर्दोगन ने सऊदी पत्रकार जमाल खशोगी की हत्या को लेकर एक नया खुलासा किया है। उनके मुताबिक खशोगी की हत्या मामले में जो ऑडियो उनके पास है, उसमें एक हत्यारे ने कहा है,"मुझे पता है कैसे काटना है।" ये ऑडियो तुर्की ने अमेरिका और यूरोपियन अधिकारियों के साथ साझा की है। एर्दोगन ने रियाध की भी आलोचना की कि इस्तांबुल में सऊदी वाणिज्य दूतावास में खशोगी की हत्या कैसे हुई। खशोगी अपनी मंगेतर से शादी करने वाले थे और इसी के लिए वह दस्तावेज लेने दूतावास गए थे।
खशोगी की हत्या के बाद पूरी दुनिया में सऊदी के क्राउन प्रिंस सलमान की आलोचना की गई। सीआईए ने अपनी जांच में खुलासा किया था कि इस हत्या के लिए प्रिंस सलमान ने ही ऑपरेशन का आदेश दिया था।
बता दें खशोगी अमेरिकी निवासी थे और वाशिंगटन पोस्ट के लिए स्तंभ लिखते थे। उन्होंने सऊदी अरब के राजकुमार सलमान के शासन और उनके बेटे मोहम्मद बिन सलमान के खिलाफ भी कई लेख लिखे थे। आखिरी बार वह 2 अक्तूबर को इस्तांबुल स्थित सऊदी दूतावास के अंदर जाते हुए देखे गए थे। तुर्की के अधिकारियों के अनुसार उन्हें लगता है कि दूतावास के अंदर खशोगी की हत्या कर दी गई है। उनकी हत्या की आलोचना पहले अमेरिका ने भी की थी। लेकिन बाद में ट्रंप ने भी कहा कि वह सऊदी से रिश्ते खत्म नहीं कर सकते। उन्होंने कहा था कि अगर वह ऐसा करते हैं तो इसका फायदा रूस और चीन उठा लेंगे।
इस्तांबुल में भाषण देते हुए एर्दोगन ने कहा, "अमेरिका, रूस, जर्मनी, कनाडा, फ्रांस, सबसे सुना है। ऑडियो में व्यक्ति साफ कह रहा है कि 'मुझे पता है कि कैसे काटना है।' वह आदमी एक सैनिक है। यह सब ऑडियो रिकॉर्डिग में है।"
इस्तांबुल से अभियोजक का कहना है कि खशोगी की हत्या बेहद निर्दयी तरीके से की गई थी। उनके शरीर के टुकड़े कर उन्हें नष्ट किया गया था। उनकी हत्या करने से पहले उनका गला दबाया गया था ताकि वह सांस ने ले पाएं। अभी तक उनके शव का कुछ पता नहीं चल पाया है। ऑडियो में ये भी सुनाई दे रहा है खशोगी कह रहे हैं, "मैं सांस नहीं ले पा रहा हूं।"