फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World News: कश्मीर में आतंक फैलाने वाला खालिद रजा पाकिस्तान में मारी गोली, मौत, पढ़ें दुनिया की अहम खबरें

Tue, 28 Feb 2023 07:01 AM IST
वीरेंद्र शर्मा वर्ल्ड न्यूज, अमर उजाला, इस्लामाबाद

सार

पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक अज्ञात हथियारबंद व्यक्ति ने रविवार को खालिद को उसके घर बाहर गोली मारी। खालिद कश्मीर में आतंकी कमांडर रह चुका है। इसके बाद वह कराची चला गया। 
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जम्मू कश्मीर में अल-बद्र नाम के आतंकी संगठन का पूर्व कमांडर खालिद रजा पाकिस्तान के कराची में ढेर हो गया है। पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक अज्ञात हथियारबंद व्यक्ति ने रविवार को खालिद को उसके घर बाहर गोली मारी। खालिद कश्मीर में आतंकी कमांडर रह चुका है। इसके बाद वह कराची चला गया। यहां वर्तमान में वह फेडरेशन ऑफ प्राइवेट स्कूल का उपाध्यक्ष था। रिपोर्ट्स के अनुसार वह कराची में रहकर भी आतंकियों की भर्तियों में शामिल रहा है। बता दें कि एक सप्ताह के अंदर पाकिस्तान में कश्मीरी आतंकी की हत्या की यह दूसरी घटना है। इससे पहले हिज्बुल के आतंकी बशीर पीर की रावलपिंडी में हत्या कर दी गई थी। 
विज्ञापन

 
ब्रेग्जिट की आखिरी बाधा पार  ब्रिटेन-यूरोपीय संघ में समझौता
लंदन। ब्रिटेन और यूरोपीय संघ (ईयू) ने सोमवार को ब्रेग्जिट की आखिरी बाधा को पार कर लिया। ईयू के कार्यकारी निकाय यूरापीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लियेन सोमवार को ब्रिटेन पहुंची और प्रधानमंत्री ऋषि सुनक के साथ हुई बैठक के बाद विंडसर फ्रेमवर्क समझौते का एलान किया। सुनक ने बताया कि नए समझौते के तहत ब्रिटेन और उत्तरी आयलैंड के बीच कोई सीमा का उल्लेख नहीं होगा। यह ब्रिटिश और उत्तरी आयलैंड के लोगों के लिए संप्रभुता के लिहाज से बहुत संवेदनशील मुद्दा है। सुनक ने बताया कि समझौते के तहत पूरे ब्रिटेन और उत्तरी आयरलैंड के बीच बिना व्यवधान के व्यापार होगा। वहीं, ईयू के सदस्य आयरलैंड और यूनाइटेड किंगडम के सदस्य उत्तरी आयरलैंड के बीच व्यापार के संबंध में कुछ वस्तुओं पर ईयू के कुछ नियम लागू होंगे। 

अमेरिका ने चीन को चेताया, रूस की मदद की तो होंगे गंभीर नतीजे
कीव। यूक्रेन युद्ध में रूस को हमले के लिए चीन द्वारा दिए जा रहे हथियारों के समर्थन पर अमेरिका  ने चीन को चेतावनी दी है। उसने कहा, यदि चीन  ने रूस को हथियार आपूर्ति जारी रखी तो उसे  गंभीर नतीजे भुगतने होंगे। इससे पहले, कीव के शीर्ष जनरल ने बखमुत के सीमावर्ती शहर का दौरा किया, जहां यूक्रेनी रक्षक लगातार हमलों के  खिलाफ पकड़ बना रहे हैं।
विज्ञापन

पूर्वी यूक्रेन में प्रमुख लक्ष्यों के लिए रूसी सेना लगातार संघर्ष कर रही है। ऐसे में पश्चिमी देशों को रूस को हथियारबंद करने में चीन की मदद करने की पूरी आशंका है। अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) जेक सुलिवन ने बताया, चीन को यह निर्णय लेना होगा कि वह कैसे आगे बढ़ता है, क्या वह सैन्य सहायता प्रदान करेगा, लेकिन अगर वह ऐसा करता है तो उसे इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

फलस्तीनियों ने 2 की हत्या की इस्राइलियों का हिंसक प्रदर्शन
येरूशलम। फलस्तीनी बंदूकधारी के हमले में दो लोगों की मौत के बाद उत्तरी वेस्ट बैंक में इस्राइली बस्ती के लोगों ने हिंसक प्रदर्शन किया और कई कारों एवं घरों में आग लगा दी। फलस्तीन के चिकित्सकों ने बताया कि हिंसक प्रदर्शन में एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार अन्य बुरी तरह से घायल हो गए। बीते कई दशकों में इस्राइली बस्ती के लोगों द्वारा किया गया यह सबसे हिंसक प्रदर्शन माना जा रहा है। इस्राइली लोगों ने 30 मकानों व कार में आग लगा दी। 

कैलिफोर्निया स्टेट असेंबली का चुनाव लड़ेंगी दर्शना पटेल
वाशिंगटन। भारतीय-अमेरिकी शोध वैज्ञानिक दर्शना पटेल 2024 में होने वाले कैलिफोर्निया स्टेट असेंबली चुनाव में दावेदारी पेश करेंगी। 48 वर्षीय दर्शना नॉर्थ काउंटी सीट से चुनाव लड़ेंगी, जिस पर फिलहाल ब्रायन माइशेन काबिज हैं। दावेदारी का एलान करते हुए दर्शना पटेल ने कहा कि एक अप्रवासी की बेटी होने के नाते मैंने अमेरिकी सपनों को पूरा करने के लिए काफी संघर्ष किया है। 

नासा के विज्ञान विभाग की प्रमुख बनेंगी निकोला फॉक्स
वाशिंगटन। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा अपने हेलियोफिजिक्स विभाग की प्रमुख निकोला फॉक्स को विज्ञान विभाग का प्रमुख नियुक्त करेगी। वह सूर्य का अध्ययन करने वाले पार्कर सोलर प्रोब मिशन की पूर्व शीर्ष वैज्ञानिक रह चुकी हैं। उन्हें इस सप्ताह नासा के विज्ञान मिशन निदेशालय की ओर से औपचारिक रूप से नामित किया जाएगा। नियुक्ति के बाद फॉक्स विज्ञान निदेशालय का नेतृत्व करेंगी। यह विभाग आकाशगंगाओं की खोज जैसे कार्यक्रमों का संचालन करता है। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें