नैरोबी के बाहर हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हेलीकॉप्टर आवासीय क्षेत्र में गिरा और उसमें आग लग गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे लोगों और बचाव दलों ने राहत कार्य शुरू कर दिया। हादसे में मरने वालों की संख्या अभी पता नहीं लगी है।
केन्या की राजधानी नैरोबी के बाहर एक एयर एंबुलेंस हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हेलीकॉप्टर आवासीय क्षेत्र में गिरा और उसमें आग लग गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे लोगों और बचाव दलों ने राहत कार्य शुरू कर दिया। मीडिया रिपोर्ट्स में हादसे में मरने वालों की संख्या एक से लेकर छह तक बताई जा रही है।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक विमान एयर एंबुलेंस सेवा प्रदाता का था। एएमआरईएफ फ्लाइंग डॉक्टर्स ने बताया कि छोटे आकार का जेट विमान सेसना साइटेशन एक्सएलएस नैरोबी के हवाई अड्डे से उड़ान भरकर सोमालीलैंड के हरगेसा की ओर जा रहा था। तभी यह दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
एयर एंबुलेंस सेवा प्रदाता ने कहा कि वह दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए विमानन अधिकारियों और आपातकालीन सेवाओं के साथ पूरा सहयोग कर रहा है। सोशल मीडिया पर जारी वीडियो के मुताबिक विमान से आग की लपटें उठ रही हैं। लोगों ने आग बुझाने में अग्निशमन दल की मदद की। केन्या रेडक्रॉस ने बताया कि बचाव दल नैरोबी से सटे किआम्बू में घटनास्थल की ओर जा रहे हैं। दुर्घटना के बाद अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई की। सैन्य और पुलिसकर्मी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और इलाके को सुरक्षित कर लिया।
जनवरी में भी हुआ था हादसा
इससे पहले जनवरी में केन्या के तटीय मालिंदी काउंटी में एक हल्का विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। जिससे तीन लोगों की मौत हो गई थी। विमान के एक इमारत से टकराने के कारण दो अन्य, एक मोटरसाइकिल सवार और एक महिला यात्री की मौत हो गई थी। विमान में सवार एक पायलट और दो छात्र दुर्घटनाग्रस्त होने से पहले विमान से कूद गए थे।
घाना में भी क्रैश हुआ था हेलीकॉप्टर
हाल ही में घाना में एक सैन्य हेलीकॉप्टर हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई थी। मरने वालों में रक्षा मंत्री एडवर्ड ओमाने बोआमाह और पर्यावरण, विज्ञान व प्रौद्योगिकी मंत्री इब्राहिम मुर्तला मुहम्मद भी शामिल थे। इसमें तीन अन्य अधिकारी और तीन वायुसेना कर्मी भी शामिल थे। जेड9 हेलीकॉप्टर बुधवार सुबह राजधानी अकारा से ओबुआसी के लिए रवाना हुआ, लेकिन रडार से संपर्क टूट गया।