भारत और कजाखस्तान एक-दूसरे के साथ रक्षा सहयोग को और मजबूत करने पर सहमत हो गए हैं। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने शुक्रवार को कजाखस्तान के शीर्ष नेताओं से दोनों देशों के बीच ऊर्जा, व्यापार, सुरक्षा और सूचना प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में रणनीतिक साझेदारी मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।
सुषमा स्वराज इन दिनों संसाधन समृद्ध मध्य एशियाई देशों के साथ रणनीतिक साझेदारी मजबूत करने के भारत के प्रयासों के तहत तीन देशों कजाखस्तान, किर्गिस्तान और उज्बेकिस्तान की यात्रा पर है। उन्होंने यहां अपने समकक्ष कैरात अब्द्राखमानोव के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तरीय वार्ता करते हुए व्यापार व निवेश, रक्षा व सुरक्षा, ऊर्जा, सूचना व संचार प्रौद्योगिकी, फार्मा, क्षमता निर्माण और संस्कृति में सहयोग पर चर्चा की।
विदेश मंत्रालय प्रवक्ता रवीश कुमार ने बताया कि सुषमा ने कजाखस्तान के पीएम बकिट्जान सगीन्तायेव से भी मुलाकात की और व्यापार, निवेश के अलावा संयुक्त फिल्म निर्माण, पर्यटन व लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने पर विचार विमर्श किया।