अमेरिका में एक संघीय जज ने राष्ट्रपति के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी देकर ट्रंप के लिए एक नई मुसीबत खड़ी कर दी है। इसके लिए डेमोक्रेटिक पार्टी ने अदालत का रुख किया जिसमें ट्रंप पर आरोप लगाया गया कि उन्होंने राष्ट्रपति पद पर रहते हुए लाभ कमाया जो संवैधानिक प्रावधानों का उल्लंघन है। अमेरिका के करीब 200 डेमोक्रेटिक सांसदों ने अदालत से कहा कि ट्रंप ने अपने पूर्ववर्ती राष्ट्रपतियों से उलट अपने कारोबार के साथ पूरी तरह से रिश्ते खत्म करने से भी इनकार कर दिया।
संघीय जज द्वारा ट्रंप के खिलाफ मुकदमे की मंजूरी देने के फैसले से रिपब्लिकन नेता हताश हैं। विधि विभाग की प्रवक्ता केली लाको ने कहा, ‘यह मुकदमा खारिज हो जाना चाहिए था।’ ट्रंप ऑर्गेनाइजेशन ने अभी इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है, जबकि सदन की अध्यक्ष नैंसी पेलोसी ने फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने कहा, ‘कोई कानून की जद से बाहर नहीं है, राष्ट्रपति भी नहीं।’