कोरोना में अमेरिका ने सबसे ज्यादा नागरिक गंवाए, इटली ने सबसे तेजी से नागरिकों को मरते देखा, लेकिन वायरस संक्रमितों में सर्वाधिक मृत्युदर बेल्जियम की है। जॉन्स हॉपकिन्स विश्वविद्यालय के अनुसार यहां कोरोना प्रति 10 लाख 670 नागरिकों की जान ले रहा है। इसकी वजह मृतकों की गणना की सख्त प्रणाली व बिना परीक्षण भी मृतकों में वायरस संक्रमण स्वीकारा जाना है। बेल्जियम में शनिवार दोपहर तक 7765 लोग जान गंवा चुके हैं। देश के करीब 1500 अस्पताल व नर्सिंग होम से मृतकों के आंकड़े जुटाए जा रहे हैं। इनमें वे मृतक भी हैं, जिनमें कोरोना जांच नहीं हुई, केवल आशंका के आधार पर उन्हें दर्ज किया गया। यहां के स्वास्थ्य विभाग के अनुसार केवल 46% मृतकों की ही कोरोना से मौत की पुष्टि हुई है, बाकी 54 प्रतिशत मामले, वृद्धाश्रमों व घरों के हैं।