विवादों से भी रहा नाता
बाइडन का विवादों से भी नाता रहा। अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत में उन्होंने स्कूलों को नस्लीय रूप से संगठित करने के लिए किए जा रहे प्रयास का विरोध कर रहे दक्षिणपंथी अलगाववादियों का समर्थन किया। 1988 में राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी के दौरान उन पर ब्रिटिश लेबर पार्टी के तत्कालीन नेता नील किनॉक के भाषण की लाइनें चुराने का आरोप लगा। इसके बाद 1991 में वे सीनेट की न्यायिक समिति के चेयरमैन के तौर पर भी दो मामलों के निस्तारण को लेकर विवादित रहे। इनमें से एक अनीता हिल का अपने साथ यौन उत्पीड़न का आरोप था। 1993 में बाइडन पर सीनेट की पूर्व कर्मचारी तारा रेडे ने यौन हमले का आरोप लगाया था। बाइडन 1994 का विवादित क्राइम बिल तैयार करने वालों में से एक रहे, जिसे बड़े पैमाने पर बंदियों की संख्या बढ़ने, लंबी सजाएं सुनाए जाने और अधिक से अधिक जेलों की बढ़ोतरी के लिए जिम्मेदार माना जाता है। 2012 में उन्होंने एलजीबीटी लोगों के अधिकारों की वकालत भी की और कहा कि उन्हें एक ही लिंग के लोगों के आपस में शादी करने पर कोई ऐतराज नहीं है।
जब अस्पताल से ली थी शपथ
बाइडन के लिए पहली बार सीनेटर बनने की खुशी बड़ा दुख भी लेकर आई थी। इसके तत्काल बाद उनकी पहली पत्नी नीलिया और बेटी नाओमी सड़क दुर्घटना में मारे गए। हालांकि उनके दोनों जुड़वां नवजात बेटे बियू और हंटर इस दुर्घटना में सुरक्षित बच गए। बाइडन ने इसके बाद अस्पताल में अपने बच्चों के साथ मौजूद रहते हुए सीनेटर के तौर पर शपथ लेकर बेहद प्रसिद्धि बटोरी थी। बियू को उनके राजनीतिक करियर का उत्तराधिकारी माना जाता था, लेकिन उनकी 2015 में महज 46 साल की उम्र में ब्रेन कैंसर के कारण मौत हो गई। इन दो घटनाओं के कारण ही बाइडन को ओबामा की मशहूर ‘पर्सनल हेल्थ केयर पॉलिसी’ का बड़ा समर्थक माना जाता है, जिसे उन्होंने राष्ट्रपति बनने पर वापस लाने का वादा अपने अभियान के दौरान किया था।
इन पदों पर रहे
- 2009 से 2017 तक अमेरिका के उपराष्ट्रपति पद पर तैनात रहे
- 2007 से 2009 तक इंटरनेशनल नारकोटिक्स कंट्रोल कॉकस के चेयरमैन
- 2007 से 2009 तक अमेरिकी सीनेट विदेशी संबंध समिति के चेयरमैन
- 2001 से 2003 तक अमेरिकी सीनेट विदेशी संबंध समिति के चेयरमैन
- 1987 से 1995 तक अमेरिकी सीनेट न्यायिक समिति के चेयरमैन