राष्ट्रपति पद के लिए होने वाली बहस से पहले जो बाइडन ने डोनाल्ड ट्रंप पर निशाना साधा। उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर एक वीडियो पोस्ट कर ट्रंप को राष्ट्रपति पद के लिए अयोग्य बता दिया। वहीं, वीडियो में ट्रंप के पूर्व उपराष्ट्रपति माइक पेंस भी बाइडन का समर्थन करते हुए दिखाई दिए। उन्होंने कहा कि वह अच्छे विवेक से पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप का समर्थन नहीं कर सकते। इनके अलावा व्हाइट हाउस की पूर्व सहयोगी और वर्तमान सीएनएन योगदानकर्ता एलिसा फराह ग्रिफिन भी वीडियो में ट्रंप को राष्ट्रपति पद के लिए अयोग्य बताती नजर आ रही हैं। वहीं, वीडियो पर ट्रंप समर्थक और एक्स यूजरों ने बाइडन पर जमकर पलटवार किया। उन्होंने बाइडन को ही राष्ट्रपति पद के लिए अयोग्य बता दिया।
बाइडन द्वारा पोस्ट की गई वीडियो में ट्रंप के पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जॉन बोल्टन भी दिखाई दिए। बोल्टन ने भी ट्रंप के दोबारा राष्ट्रपति बनने का समर्थन नहीं किया। उन्होंने कहा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन जैसे नेता पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप का फायदा उठाने के लिए तैयार बैठे हैं। ऐसे में ट्रंप का दोबारा राष्ट्रपति बनना अच्छा संकेत नहीं होगा।
ट्रंप के जानने वालों की टिप्पणी सुन माइकल टायलर ने ली चुटकी
ट्रंप सरकार में सत्ता में रहे लोगों द्वारा इस तरह की टिप्पणियां करने पर बाइडन अभियान संचार निदेशक माइकल टायलर ने चुटकी ली। उन्होंने कहा कि जो लोग ट्रंप को सबसे अच्छी तरह से जानते हैं, अगर वह उन पर भरोसा नहीं करते हैं तो अमेरिकी लोग भी ट्रंप के ऊपर भरोसा नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति चुनाव में हम जो बाइडन को फिर से चुनकर डोनाल्ड ट्रंप को व्हाइट हाउस पहुंचने से रोक सकते हैं।
ट्रंप समर्थक बोले- अपनी विफलताओं से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे बाइडन
वीडियो शेयर होने के बाद कई ट्रंप समर्थकों ने उस पर टिप्पणी की। कहा कि जो बाइडन अपनी विफलताओं से ध्यान भटकाने के लिए ट्रंप को केंद्रित कर ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने बाइडन की आलोचना करते हुए कहा कि वह खुद राष्ट्रपति पद के लिए अयोग्य हैं। 81 वर्षीय राष्ट्रपति मंच पर अपनी शर्मनाक गलतियों और भूलने की बीमारी के चलते कई बार जांच के दायरे में आए हैं। ट्रंप समर्थकों ने कहा कि जो व्यक्ति बाइक से गिर जाता हो और ठीक से बोल भी नहीं पाता हो, वह योग्य कैसे हो सकता है।