अमेरिकी वायुसेना ने इस महीने दूसरी बार इतिहास रचते हुए एक महिला को 19वां चीफ मास्टर सार्जेंट चुना है। चीफ मास्टर सार्जेंट जोएन एस बास इसी के साथ किसी अमेरिकी सैन्य सेवा में शीर्ष 'एन्लिस्टिड लीडर’ चुनी जाने वाली पहली महिला भी बन गईं। इससे दो सप्ताह पहले सीनेट ने जनरल चार्ल्स क्यू ब्राउन को वायुसेना के चीफ ऑफ स्टाफ पद पर नियुक्त किया था।
ब्राउन अमेरिका की किसी सैन्य सेवा का नेतृत्व करने वाले पहले अश्वेत अधिकारी हैं। वह अगस्त में कार्यभार संभालेंगे। अमेरिकी सेना में वरिष्ठ पदों पर बहुत ही कम महिलाओं को पदोन्नत किया जाता है। अभी तक किसी महिला को किसी सैन्य सेवा के प्रमुख के तौर पर सेवा देने का मौका नहीं मिला है और न ही किसी महिला ने ज्वाइंट चीफ ऑफ स्टाफ के सदस्य के तौर पर सेवा दी है।
बास वायुसेना के एन्लिस्टिड (सूचीबद्ध) कर्मियों के कल्याण संबंधी मामलों पर ब्राउन और वायु सेना सचिव बारबरा बैरेट की वरिष्ठ सलाहकार होंगी। हवाई की रहने वाली बास मिसिसिपी के वायुसेना अड्डे पर कमांड चीफ मास्टर सार्जेंट के रूप में सेवाएं दे रही हैं। वह 1993 में वायुसेना में भर्ती हुई थी।