दुनिया की दिग्गज चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया के सीईओ जेनसन हुआंग की वापसी ने टेक्नोलॉजी और कारोबारी जगत में हलचल मचा दी है। विवाहेतर संबंधों और चीन के लिए जासूसी करने के कथित आरोपों से जुड़े विवाद के बीच हुआंग ने कंपनी के अध्यक्ष, मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) और निदेशक पद से इस्तीफा दे दिया था। हालांकि, महज 11 दिनों के भीतर कंपनी के बोर्ड ने उन्हें सभी पदों पर बहाल कर दिया।
23 नवंबर को एनवीडिया ने घोषणा की कि बोर्ड ने सर्वसम्मति से हुआंग की वापसी को मंजूरी दी है। इस पूरे घटनाक्रम में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का समर्थन, सिलिकॉन वैली के दिग्गजों की लामबंदी, निवेशकों का दबाव और कंपनी की रणनीतिक अहमियत अहम रही। आइए सवाल-जवाब के जरिए समझते हैं कि आखिर 11 दिनों में ऐसा क्या हुआ कि हुआंग को दोबारा एनवीडिया की कमान मिल गई।
जेनसन हुआंग के खिलाफ विवाद की शुरुआत कैसे हुई?
विवाद की शुरुआत 29 अक्तूबर को न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट से हुई। इसमें अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से दावा किया गया कि एनवीडिया की ग्राहक कंपनी मेगास्पीड की पूर्व अधिकारी एलिस हुआंग चीन की खुफिया एजेंसी के लिए काम कर रही थीं। रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी अधिकारियों ने इलेक्ट्रॉनिक निगरानी के दौरान एलिस और जेनसन हुआंग के करीबी संबंधों का पता लगाया था।
इस मामले में कुछ अहम बातें सामने आईं:
- एलिस हुआंग सिंगापुर स्थित एनवीडिया की ग्राहक कंपनी मेगास्पीड से जुड़ी थीं। अमेरिकी खुफिया अधिकारियों को संदेह था कि वह चीन के लिए जानकारी जुटा रही थीं।
- जेनसन हुआंग को अमेरिकी अधिकारियों की ओर से कोई औपचारिक चेतावनी (डिफेंसिव ब्रीफिंग) नहीं दी गई थी। अधिकारियों का मानना था कि हुआंग को एलिस की कथित जासूसी गतिविधियों की जानकारी नहीं थी।
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने मई में राष्ट्रपति ट्रंप को इस मामले की जानकारी दी थी। बताया गया कि उन्होंने चीन यात्रा के दौरान राष्ट्रपति के प्रतिनिधिमंडल में हुआंग को शामिल करने से पहले ट्रंप को इस संबंध में आगाह किया था। हालांकि, चीन ने जासूसी के आरोपों को खारिज किया। एलिस की पूर्व कंपनी मेगास्पीड ने भी अपने कारोबार को वैध बताया।
जेनसन हुआंग ने अपने इस्तीफे से पहले क्या स्वीकार किया था?
8 नवंबर को जेनसन हुआंग ने एलिस हुआंग के साथ विवाहेतर संबंध होने की बात स्वीकार की। इसके बाद एनवीडिया के बोर्ड ने मामले की स्वतंत्र जांच शुरू करने की घोषणा की। हुआंग ने अपने परिवार और कंपनी से जुड़े लोगों से माफी मांगते हुए कहा कि उन्होंने अपनी पत्नी के प्रति बेवफाई की और उनके इस कदम से पत्नी तथा बच्चों को चोट पहुंची।
उन्होंने कहा कि उनके पास अपने व्यवहार के लिए कोई बहाना नहीं है और वह इसके लिए बेहद शर्मिंदा हैं। बाद में यह भी सामने आया कि एलिस हुआंग के अलावा एनवीडिया की एक अन्य कर्मचारी किम्बर्ली पॉवेल के साथ भी उनके विवाहेतर संबंध थे। इसके अलावा कंपनी की एक दूसरी कर्मचारी के साथ उनके अंतरंग संबंधों की जानकारी सामने आई।
हुआंग ने कब और क्यों छोड़ा था एनवीडिया का पद?
12 नवंबर को एनवीडिया ने घोषणा की कि जेनसन हुआंग ने तत्काल प्रभाव से कंपनी के अध्यक्ष, सीईओ और निदेशक पद से इस्तीफा दे दिया है। इसके बाद कंपनी की मुख्य वित्तीय अधिकारी कोलेट क्रेस को अंतरिम सीईओ की जिम्मेदारी सौंपी गई।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस घटनाक्रम पर दुख जताया था। उन्होंने इसे बेहद दुखद बताते हुए हुआंग के प्रति अपना समर्थन भी जाहिर किया था। इस्तीफे के बाद एनवीडिया के शेयरों में कारोबार के दौरान 30 प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की गई।
हुआंग की वापसी के लिए किसने अभियान चलाया?
हुआंग के इस्तीफे के बाद सिलिकॉन वैली में उनकी वापसी के लिए समर्थन जुटाने की कोशिशें शुरू हो गईं। 13 नवंबर को टेस्ला और एक्स के प्रमुख एलन मस्क ने सोशल मीडिया पर बताया कि जेनसन हुआंग को दोबारा सीईओ बनाने के लिए एक ऑनलाइन याचिका शुरू हुई है और वह भी इस पर हस्ताक्षर कर रहे हैं।
मस्क ने कहा कि हुआंग के बिना एनवीडिया को कई महत्वपूर्ण कारोबारी सौदे गंवाने पड़ सकते हैं। इसकी वजह यह है कि कई सौदे लिखित अनुबंध के बजाय हुआंग के व्यक्तिगत भरोसे और संबंधों पर आधारित हैं। इस बीच एनवीडिया के बड़े शेयरधारकों ने भी बोर्ड से उनकी संभावित वापसी पर विचार करने की अपील की।
15 नवंबर को फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट में बताया गया कि हुआंग अपने करीबी लोगों के साथ कंपनी में वापसी की संभावना पर चर्चा कर रहे थे। उनके मित्र और सहयोगी सिलिकॉन वैली के वरिष्ठ अधिकारियों का समर्थन जुटाने में लगे थे। हालांकि, अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने उस समय कहा था कि एनवीडिया को कंपनी के बाहर से नया नेतृत्व तलाशना चाहिए और बड़े बदलाव करने चाहिए।
डोनाल्ड ट्रंप ने हुआंग की वापसी में क्या भूमिका निभाई?
16 नवंबर को ट्रंप ने खुलकर जेनसन हुआंग की वापसी का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि उन्हें एलिस हुआंग के जासूस होने की जानकारी नहीं है। ट्रंप ने कहा कि जेनसन हुआंग ने उनसे बताया था कि उन्हें इस बात का पता नहीं था कि एलिस जासूस हैं। ट्रंप ने कहा, "मैं वास्तव में उन पर विश्वास करता हूं।" इसके बाद 21 और 22 नवंबर को ट्रंप ने दोबारा हुआंग की वापसी की इच्छा जताई। उन्होंने एनवीडिया को अमेरिका के लिए बेहद महत्वपूर्ण कंपनी बताते हुए कहा कि हुआंग को दूसरा मौका मिलना चाहिए।
ट्रंप ने सोशल मीडिया मंच ट्रुथ सोशल पर लिखा कि उन्हें उम्मीद है कि एनवीडिया का बोर्ड जेनसन हुआंग को दोबारा नियुक्त करेगा। उनके मुताबिक, यह कंपनी और अमेरिका दोनों के लिए अच्छा होगा। ट्रंप के वाणिज्य मंत्री स्कॉट बेसेंट ने भी अपना रुख बदलते हुए कहा कि वह मानकर चलेंगे कि हुआंग को एलिस की कथित जासूसी गतिविधियों की जानकारी नहीं थी।
क्या अभी भी चल रही है मामले की जांच?
हां। हुआंग की वापसी की कोशिशों के बीच एनवीडिया और उससे जुड़े कारोबारी मामलों की जांच का दायरा भी बढ़ता गया। अमेरिकी वाणिज्य और न्याय विभाग ने एलिस हुआंग की पूर्व कंपनी मेगास्पीड की जांच की पुष्टि की थी। जांच में संवेदनशील सेमीकंडक्टर और चिप्स को कथित तौर पर चीन तक पहुंचाने के मामले की पड़ताल की जा रही थी।
- सीनेट बैंकिंग समिति के अध्यक्ष टिम स्कॉट ने हुआंग और वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड लटनिक को सार्वजनिक सुनवाई में पेश होने के लिए पत्र लिखा।
- डेमोक्रेटिक सांसदों ने जांच शुरू की कि क्या लटनिक ने एनवीडिया के साथ मिलकर अपने बेटों और उनकी निवेश बैंकिंग फर्म को फायदा पहुंचाने के लिए कदम उठाए थे।
- अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की ऊर्जा एवं वाणिज्य समिति ने एनवीडिया की अंतरिम सीईओ कोलेट क्रेस से मेगास्पीड और निर्यात नियंत्रण से जुड़े सवालों पर जवाब मांगा।
- 20 नवंबर को एनवीडिया के शेयरों में फिर बड़ी गिरावट आई। इसके पीछे कंपनी के लेखांकन से जुड़े संभावित मुद्दों की अमेरिकी प्रतिभूति एवं विनिमय आयोग (एसईसी) की जांच की खबरें थीं।
हुआंग को एक और चुनौती का सामना करना है। उन्हें 1 और 2 दिसंबर को अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की विदेश मामलों और खुफिया समितियों तथा चीन से संबंधित विशेष समिति के सामने पेश होकर सवालों के जवाब देने हैं।
एनवीडिया के बोर्ड ने हुआंग को दोबारा कैसे बहाल किया?
17 नवंबर को इस्तीफे के बाद पहली बार सार्वजनिक बयान देते हुए हुआंग ने कहा था कि यदि बोर्ड कंपनी के हित में फैसला करता है तो वह दोबारा सीईओ की जिम्मेदारी संभालने के लिए तैयार हैं। हालांकि, उस समय बोर्ड के अध्यक्ष हार्वे जोन्स ने उनकी वापसी की संभावना खारिज कर दी थी। उन्होंने कहा था कि बोर्ड ने सर्वसम्मति से हुआंग का इस्तीफा स्वीकार किया है और उन्हें सीईओ के पद पर बहाल करने की कोई योजना नहीं है।
बोर्ड ने स्थायी सीईओ की तलाश के लिए कार्यकारी नियुक्ति कंपनी हेड्रिक एंड स्ट्रगल्स को भी जिम्मेदारी दी थी। लेकिन 23 नवंबर को एनवीडिया ने अचानक अपने फैसले की घोषणा की। कंपनी के मुताबिक, बोर्ड ने कई दौर की चर्चा और बैठकों के बाद सर्वसम्मति से हुआंग को अध्यक्ष, सीईओ और निदेशक के पद पर तत्काल प्रभाव से बहाल कर दिया। हुआंग ने कंपनी में लौटने पर खुशी जताते हुए कहा कि दुनिया की सबसे महत्वपूर्ण टेक्नोलॉजी कंपनियों में से एक का नेतृत्व करना उनके लिए सम्मान की बात है।
हुआंग की वापसी के बाद एनवीडिया ने सुरक्षा के लिए क्या कदम उठाए?
कंपनी ने स्पष्ट किया कि जेनसन हुआंग से जुड़े मामले की स्वतंत्र जांच जारी रहेगी। हुआंग ने भी जांच में पूरा सहयोग करने की प्रतिबद्धता जताई है। इसके अलावा एनवीडिया ने राष्ट्रीय सुरक्षा और निर्यात नियंत्रण से जुड़े जोखिमों की निगरानी के लिए एक नई समिति गठित की है। कंपनी की योजना एक मुख्य अनुपालन अधिकारी नियुक्त करने की भी है, जो नियमों के पालन और संबंधित जोखिमों पर नजर रखेगा।
हुआंग की वापसी को अमेरिका के लिए इतना महत्वपूर्ण क्यों माना जा रहा है?
एनवीडिया केवल एक चिप निर्माता कंपनी नहीं है। उसके सेमीकंडक्टर चिप्स का इस्तेमाल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा सेंटर और रक्षा क्षेत्र की महत्वपूर्ण जरूरतों में होता है। इस वजह से कंपनी अमेरिका की तकनीकी बढ़त और विदेश नीति के लिहाज से भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
हुआंग की वापसी के बाद कंपनी के शेयरों में 30 प्रतिशत से अधिक की तेजी दर्ज की गई। ट्रंप ने उन्हें महान देशभक्त बताते हुए उनके फैसले का स्वागत किया। इस पूरे घटनाक्रम से साफ है कि एनवीडिया के नेतृत्व का सवाल केवल एक कारोबारी कंपनी तक सीमित नहीं रहा। इसमें अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा, चीन के साथ तकनीकी प्रतिस्पर्धा, निर्यात नियंत्रण और वैश्विक एआई उद्योग से जुड़े हित भी शामिल हो गए हैं।