एपस्टीन केस में एक और रहस्यमयी मौत?
इससे पहले अमेरिकी फाइनेंसर और नाबालिग लड़कियों की यौन तस्करी के दोषी जेफ्री एपस्टीन से जुड़े एक और करीबी सहयोगी डेनियल सियाड की मौत के बाद इस चर्चित मामले में एक और महत्वपूर्ण कड़ी टूट गई है। वर्ष 2019 में न्यूयॉर्क की जेल में एपस्टीन की मौत के बाद से इस मामले से जुड़े एक दर्जन से अधिक सहयोगियों, आरोप लगाने वालों और जांच से जुड़े लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें कई मौतें ऐसी परिस्थितियों में हुईं, जिन पर अब भी सवाल उठते रहे हैं।
66 वर्षीय मॉडलिंग स्काउट डेनियल सियाड पिछले सोमवार को पेरिस स्थित अपने घर में मृत पाए गए। उनके साथ रह रही 28 वर्षीय युवती ने बताया कि उसने उन्हें बचाने के लिए सीपीआर देने की कोशिश की, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। शुरुआती तौर पर अधिकारियों को दिल का दौरा पड़ने की आशंका है, हालांकि मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि अभी नहीं हुई है। फ्रांसीसी अभियोजन कार्यालय इस मामले की जांच कर रहा है।
एपस्टीन मामले से सियाड का क्या संबंध था?
डेनियल सियाड मानव तस्करी से जुड़े मामले में जांच के दायरे में थे। एपस्टीन से संबंधित दस्तावेजों और फाइलों में उनका नाम हजारों बार सामने आया था। उनकी मौत के बाद एक बार फिर इस मामले में साजिश और सबूतों के नष्ट होने जैसी अटकलों को हवा मिल गई है। सियाड मॉडलिंग के लिए युवतियों की तलाश में विभिन्न देशों की यात्रा करते थे। जांच से जुड़े ईमेल के अनुसार, वह महिलाओं की तस्वीरें और उनकी शारीरिक जानकारी एपस्टीन को भेजते थे तथा दोनों के बीच मुलाकात भी करवाते थे। इन यात्राओं का खर्च एपस्टीन उठाता था। एक ईमेल में एपस्टीन ने उनसे पूछा था, "नई लड़कियों के बारे में क्या खबर है?"
सियाड लगातार यह कहते रहे कि उन्हें एपस्टीन के अपराधों की जानकारी नहीं थी और वह उसे केवल एक पेशेवर व्यक्ति मानते थे। हालांकि, इसी महीने एक कथित पीड़िता ने आरोप लगाया कि सियाड ने जानबूझकर उसे एपस्टीन तक पहुंचाया था। एक पूर्व मॉडल ने भी कहा कि सियाड की मौत के साथ इस मामले से जुड़ी कई अहम जानकारियां शायद हमेशा के लिए खत्म हो गईं।
किन अन्य लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत?
- थॉमस बोवर्स: वर्ष 2019 में 55 वर्षीय बैंकर अपने घर में मृत पाए गए। शुरुआती रिपोर्ट में इसे आत्महत्या बताया गया।
- स्टीव बिंग: हॉलीवुड निर्माता और एपस्टीन के करीबी रहे स्टीव बिंग ने वर्ष 2020 में लॉस एंजिल्स स्थित अपार्टमेंट की 27वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी।
- जीन-लुक ब्रुनेल: फ्रांसीसी मॉडलिंग एजेंट वर्ष 2022 में पेरिस की जेल में फंदे से लटके मिले। उनकी मौत की परिस्थितियों की तुलना एपस्टीन की मौत से की गई।
- स्टीवन हॉफबर्ग: एपस्टीन के मेंटॉर माने जाने वाले हॉफबर्ग वर्ष 2022 में कनेक्टिकट स्थित अपने घर में मृत मिले।
- मार्क मिडल्टन: पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन के पूर्व विशेष सहायक मार्क मिडल्टन वर्ष 2022 में अर्कांसस स्थित एक फार्महाउस में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए।
आरोप लगाने वाली प्रमुख पीड़िता की भी हो चुकी है मौत?
एपस्टीन के खिलाफ आवाज उठाने वाली प्रमुख महिलाओं में शामिल वर्जीनिया जुफ्रे की वर्ष 2025 में ऑस्ट्रेलिया स्थित उनके घर में मौत हो गई थी। रिपोर्ट में इसे आत्महत्या बताया गया, जबकि उनके पिता ने उनकी हत्या किए जाने का आरोप लगाया।