नए साल पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक वीडियो जारी कर अपने प्रशासन द्वारा कोविड-19 के चलते बदहाल देश की अर्थव्यवस्था को दोबारा पटरी पर लाने के लिए किए गए कार्यों का जिक्र किया। वहीं, जापान के सम्राट नारुहितो ने भी एक वीडियो संदेश जारी करते हुए कोरोना से निपटने में मदद के लिए मेडिकल पेशेवरों का शुक्रिया अदा किया।
ट्रंप ने अपने वीडियो संदेश में कोरोना टीके को लेकर भी देशवासियों को आश्वस्त किया। फ्लोरिडा में छुट्टियों के लिए निर्धारित समय से एक दिन पूर्व व्हाइट हाउस लौटे ट्रंप ने कोविड-19 टीके को चिकित्सा क्षेत्र का एक अभूतपूर्व चमत्कार बताया और कहा कि आने वाले वर्ष में सभी के लिए टीका उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा, जो किया गया उसके लिए हमें याद किया जाना चाहिए। जापान के सम्राट नारुहितो ने जो वीडियो संदेश दिया उसमें वे पत्नी महारानी मसाको के साथ नजर आए। उन्होंने डॉक्टरों और नर्सों के प्रति आभार जताते हुए अपनों को खोने वालों, नौकरी खोने वालों और अकेलेपन से जूझ रहे लोगों के प्रति समानुभूति जताई। देश में इस महामारी से 3,000 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है।
जापानी सम्राट ने भी जारी किया वीडियो
वहीं जापान के सम्राट नारुहितो ने एक वीडियो संदेश जारी कर देशवासियों को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। साथ ही इस संकट की घड़ी में देशवासियों की जान बचाने के लिए चिकित्सा पेशेवरों के प्रति अभार जताया।
जापान के सम्राट नारुहितो ने महल में बड़ी भीड़ के सामने भाषण देने के बजाय इस बार वीडियो संदेश जारी कर देशवासियों का नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। वीडियो में सम्राट और उनकी पत्नी महारानी मसाको एक मूर्तिकला बोनसाई पौधे के बगल में बैठे नजर आ रहे हैं।
चिकित्साकर्मियों का आभार जताया
नारुहितो ने कोरोना संक्रमित मरीजों की जान बचाने वाले डॉक्टरों और नर्सों समेत सभी स्वास्थ्यकर्मियों के प्रति आभार जताया। साथ ही कोरोना संकट में अपने प्रियजनों को खोने वालों, नौकरी गंवाने वालों और अकेलेपन से जूझ रहे लोगों का सहानुभूति की पेशकश की। सम्राट ने कहा, वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के प्रसार के बाद से पिछले एक साल में हम सभी को विभिन्न कठिनाइयों से जूझना पड़ा है। हमने इस तरह के संकट का इससे पहले कभी सामना नहीं किया। यह बेहद कठिन समय है।
सम्राट ने सभी की खुशहाली के लिए प्रार्थना की
सम्राट ने जापान में भेदभाव की घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि कोरोना मरीजों का इलाज करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों और इस संक्रमण की चपेट में आने वाले लोगों के साथ भेदभाव किए जाने को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने विश्व में शांति और खुशहाली के लिए प्रार्थना करते हुए कहा कि मैं दिल से आप लोगों से मिलने के लिए तत्पर हूं। उम्मीद है कि हम जल्द आमने-सामने से बात कर रहे होंगे।
बता दें कि जापान में कोरोना वायरस से दो लाख 30 हजार 304 की चपेट में आ चुके हैं। वहीं तीन हजार 414 लोगों की मौत हो गई है। जापान की राजधानी टोक्यो में गुरुवार को कोरोना वायरस के 1,337 मामले दर्ज किए गए। एक दिन में इतने अधिक मामले रिकॉर्ड किए जाने के चलते जापानी सरकार की चिंताएं बढ़ गई हैं।
बता दें कि हर बार नववर्ष पर राजमहल जनता के लिए खुलता है। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग जुटकर राजा का अभिवादन करते थे और शाही परिवार देशवासियों को शुभकामनाएं देता था। इस बार महामारी को देखते हुए सम्राट ने वीडियो संदेश जारी कर लोगों को शुभकामनाएं दीं।
किम जोंग ने पत्र लिख आभार जताया
वहीं, अपने मिजाज के विपरीत उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग-उन ने नए साल पर देशवासियों के नाम एक पत्र लिखकर शुभकामनाएं दीं और उनके समर्थन के लिए आभार भी जताया। किम ने लिखा कि मैं देश को उसी नए युग में लाने के लिए कड़ी मेहनत करूंगा, जिसमें हमारे लोगों के आदर्श और इच्छाएं पूरी होंगी। उन्होंने लिखा, मैं ईमानदारी से देशवासियों के लिए खुशी व उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूं।