जापान गुरुवार से फुकुशिमा दाइची परमाणु संयंत्र से उपचारित रेडियोधर्मी अपशिष्ट जल प्रशांत महासागर में छोड़ना शुरू कर देगा। यह एक विवादित किंतु सुनामी से 12 साल पहले क्षतिग्रस्त हुए संयंत्र को बंद करने की दिशा में दशकों तक चलने वाले कार्य के लिए एक आवश्यक कदम है। पीएम फुमियो किशिदा ने योजना में शामिल मंत्रियों की बैठक के दौरान इस कार्य के लिए मंजूरी दी।
किशिदा ने ‘टोक्यो इलेक्ट्रिक पावर कंपनी होल्डिंग्स’ को निर्देश दिया कि यदि मौसम और समुद्री परिस्थितियां अनुकूल रहती हैं, तो वह गुरुवार को जल छोड़ना शुरू करे। उन्होंने कहा, सरकार ने सुरक्षा सुनिश्चित करने, मत्स्य पालन क्षेत्र की प्रतिष्ठा को हो सकने वाली क्षति रोकने के लिए और देश के भीतर एवं बाहर वैज्ञानिक स्पष्टीकरण एवं पारदर्शिता मुहैया कराने के लिए हर संभव कोशिश की है। किशिदा ने संकल्प लिया कि सरकार पानी छोड़े जाने और संयंत्र बंद करने की दशकों की प्रक्रिया के दौरान ये प्रयास जारी रखेगी।
नेपाल के नए मुख्य न्यायाधीश श्रेष्ठ को राष्ट्रपति ने दिलाई शपथ
नेपाल के राष्ट्रपति रामचन्द्र पौडेल ने मंगलवार को एक समारोह में देश के नवनियुक्त मुख्य न्यायाधीश विश्वंभर प्रसाद श्रेष्ठ को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। संसदीय सुनवाई समिति की ओर से चीफ जस्टिस के लिए श्रेष्ठ का सर्वसम्मति से समर्थन किया गया। इसके बाद राष्ट्रपति ने सोमवार को श्रेष्ठ (63) को मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया। शपथ ग्रहण समारोह में उपराष्ट्रपति राम सहाय प्रसाद यादव, प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ‘प्रचंड’ और स्पीकर देवराज घिमिरे मौजूद रहे।
मेक्सिको में गोलीबारी, भारतीय की मौत, एक अन्य घायल
मेक्सिको सिटी में अज्ञात लुटेरों की गोलीबारी में एक भारतीय की मौत हो गई और एक अन्य भारतीय घायल हो गया। भारतीय प्राधिकारियों ने मेक्सिको में अपने समकक्षों से अपराधियों को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग की है। यह घटना शनिवार को हुई और हमलावरों ने भारतीय नागरिकों से 10,000 डॉलर लूट लिए। भारतीय नागरिकों की अभी पहचान नहीं हो पाई है। ‘एल यूनिवर्सल’ समाचार पत्र ने बताया कि दोनों पीड़ितों में से एक की गोलियां लगने से मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति को मामूली चोटें आईं। मेक्सिको में भारतीय दूतावास ने इस घटना पर खेद जताया और कहा कि वे पीड़ितों के परिवार के संपर्क में हैं और उन्हें हर संभव सहयोग मुहैया करा रहे हैं। दूतावास ने रविवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, यह बहुत दुखद घटना है।
एक्स पर खत्म होगा समाचारों के लिंक को साझा करने का दौर
एलन मस्क की सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) समाचारों के लिंक के प्रारूप में बदलाव करने की तैयारी कर रही है। माना जा रहा है कि इस कदम से प्रकाशित समाचारों की दर्शकों को आकर्षित करने की क्षमता कम हो जाएगी। इस लिंक के साथ उपयोगकर्ता को अपने पोस्ट के साथ टेक्स्ट लिखने की अनुमति होती है। इस पैकेजिंग से समाचार प्रकाशकों को पाठकों की ओर से क्लिक हासिल करने में मदद मिलती है।