अमेरिका के ह्यूस्टन में जयपुर साहित्य उत्सव (जेएलएफ) का दूसरा सत्र 13 से 14 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा। आयोजकों ने बताया कि दुनियाभर में सबसे बड़े साहित्य उत्सवों में से एक माना जाने वाला जेएलएफ ह्यूस्टन के बाद 17-18 सितंबर को न्यूयॉर्क में और 21-22 सितंबर को कोलोराडो में आयोजित किया जाएगा।
टीमवर्क आर्ट्स एंड फेस्टीवल प्रोड्यूसर के प्रबंध निदेशक संजय रॉय ने कहा, ‘‘जेएलएफ पश्चिम और पूर्व के वक्ताओं को एक साथ लाता है। हम किताब की थीम से निकलने वाले मुद्दों पर चर्चा और बहस करते हैं तथा इन मुद्दों को स्थानीय, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय दृष्टिकोण के संदर्भ में रखते हैं।’’
ह्यूस्टन में इस उत्सव में भाग लेने वालों में प्रख्यात लेखक बापसी सिधवा, बॉलीवुड अभिनेत्री मनीषा कोइराला, चंद्रहास चौधरी, चित्रा बनर्जी दीवाकरुणी, डेनियल आर्नोल्ड, देबोराह म्यूटन, एडवर्ड कैरी, लेसी एम जॉनसन, लॉरेंस राइट, मार्कण्ड आर परांजपे, मैट जॉनसन और माइक मैगी शामिल हैं।
इस कार्यक्रम का आरंभ और समापन संगीत प्रस्तुति के साथ होगा और साथ ही पैनल चर्चा भी होगी। साहित्य उत्सव में भाग लेने वाले लोगों को श्रुति विश्वनाथ और विवेक वीरानी के मंत्रमुग्ध करने वाले गीत सुनने को मिलेंगे। गायक और संगीतकार श्रुति विश्वनाथ को भारतीय उपमहाद्वीप में आध्यात्मिक संगीत में प्रसिद्धि हासिल है।
वहीं, यूनिवर्सिटी ऑफ नॉर्थ टेक्सास में सहायक प्रोफेसर विवेक वीरानी बहुमुखी प्रतिभा के धनी संगीतकार है जिन्हें हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत में महारत हासिल है।