जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (एसएसबी) ने शुक्रवार को नौकरी के इच्छुक उम्मीदवारों को सोशल मीडिया पर प्रसारित फर्जी नोटिस के खिलाफ आगाह किया। बोर्ड ने कहा कि सोशल मीडिया पर पंचायत लेखा सहायक की भर्ती परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र संबंधित वायरल हो रहा नोटिस फर्जी है। उम्मीदवार फर्जी और भ्रमित करने वाले नोटिस को लेकर विशेष सावधानी बरतें।
जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (एसएसबी) के प्रवक्ता ने कहा, उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे प्रमाणिक और सत्यापित अपडेट अथवा अन्य किसी जानकारी के लिए बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट (www.jkssb.nic.in) देखें। प्रवक्ता ने कहा कि पंचायत लेखा सहायक के पदों के लिए लिखित परीक्षा के एडमिट कार्ड डाउनलोड करने संबंधित एक नकली नोटिस सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है।इस नोटिस को देखकर इन पदों के लिए तैयारी करने वाले उम्मीदवार अनावश्यक परेशान हुए हैं।उन्होंने कहा कि असमाजिक तत्वों ने जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड के नाम और अधिकार का दुरुपयोग किया है। जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड ने इस तरह का कोई नोटिस जारी नहीं किया है। सोशल मीडिया पर वायरल नोटिस फर्जी है।
जम्मू-कश्मीर पुलिस मामले की जांच कर रही :
जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड ने पंचायत लेखा सहायक भर्ती परीक्षा से संबंधित कोई नोटिस जारी नहीं किया है। सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा नोटिस फर्जी है। प्रवक्ता ने कहा कि इस मामले को जम्मू और कश्मीर पुलिस के साइबर सेल को विस्तृत जांच के लिए भेज दिया है। पुलिस इस मामले के लिए जिम्मेदार लोगों पर उचित कार्रवाई करेगी।
खाली पदों के लिए जल्द परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी :
प्रवक्ता ने उम्मीदवारों से कहा, ''जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड का प्रयास है कि जल्द से जल्द खाली पदों के लिए परीक्षाएं आयोजित की जाए। साथ ही त्वरित भर्ती अभियान के सार को ध्यान में रखते हुए कम से कम समय में चयन प्रक्रियाओं को अंतिम रूप दिया जाए।''