इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी ने वैश्विक वामपंथ के 'दोहरे मापदंड' की आलोचना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर माइली सहित विश्व के अन्य नेता अब एक नए वैश्विक रूढ़िवादी आंदोलन को आकार दे रहे हैं।
मेलोनी ने शनिवार को वीडियो कॉन्फेंसिंग के माध्यम से वाशिंगटन डीसी में एक कंजर्वेटिव पॉलिटिकल एक्शन कॉन्फ्रेंस (सीपीएसी) को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि ट्रंप की जीत के बाद वामपंथियों की चिंताएं बढ़ गई हैं, क्योंकि रूढ़िवादी अब वैश्विक स्तर पर एक साथ आ रहे हैं। मेलोनी ने ट्रंप के नेतृत्व कौशल का समर्थन करते हुए कहा कि रूढ़ीवादी दलों के नेताओं की जीत और वैश्विक स्तर पर सहयोग से वामपंथी घबराए हुए हैं।
वामपंथियों के झूठ पर विश्वास नहीं कर रहे लोग
मेलोनी ने कहा कि जब बिल क्लिंटन और टोनी ब्लेयर ने 90 के दशक में वैश्विक वामपंथी नेटवर्क बनाया, तो उन्हें राजनेता कहा जाता था, लेकिन आज जब ट्रंप, मेलोनी, माइली या मोदी बोलते हैं, तो उन्हें लोकतंत्र के लिए खतरा बताया जाता है। मेलोनी ने कहा कि यह वामपंथियों का दोहरा मापदंड है, लेकिन लोग अब उनके झूठ पर विश्वास नहीं कर रहे। उन्होंने यह भी कहा कि लोग उन्हें वोट देना जारी रखते हैं, क्योंकि वे स्वतंत्रता, सुरक्षित सीमाओं, और पारिवारिक मूल्यों की रक्षा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम अपने राष्ट्रों से प्यार करते हैं।
यूरोप में स्थायी शांति लाने का आह्वान किया
इतालवी प्रधानमंत्री मेलोनी ने सुरक्षा उपायों को मजबूत करके यूरोप में स्थायी शांति लाने का आह्वान भी किया, और कहा कि सुरक्षा अब सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। मेलोनी ने कहा कि अगर किसी के पास ऐसा करने के लिए साधन या साहस नहीं है तो स्वतंत्रता की रक्षा नहीं की जा सकती है। उन्होंने कहा, 'खुशी स्वतंत्रता पर निर्भर करती है और स्वतंत्रता साहस पर।'
जब स्वतंत्रता खतरे में हो तो इसे समझदार हाथों में सौंप दें
इतालवी पीएम ने ट्रंप के नेतृत्व कौशल की प्रशंसा करते हुए कहा, 'मुझे पता है कि ट्रंप के नेतृत्व में अमेरिका को चार साल पहले अफगानिस्तान में जो तबाही देखने को मिली थी, वह फिर कभी नहीं देखनी पड़ेगी। इसलिए, सीमा सुरक्षा, ऊर्जा सुरक्षा, आर्थिक सुरक्षा, खाद्य सुरक्षा, रक्षा और राष्ट्रीय सुरक्षा आवश्यक हैं। यदि आप सुरक्षित नहीं हैं, तो आप स्वतंत्र नहीं हैं। और जब स्वतंत्रता खतरे में हो, तो आप केवल यही कर सकते हैं कि इसे समझदार हाथों में सौंप दें।'
सभ्ययताओं का पतन रोकने की अपील
मेलोनी ने सभ्यताओं के पतन को रोकने और भविष्य की पीढ़ियों के लिए एक मजबूत दुनिया बनाने की अपील की। उन्होंने कहा, 'मैंने बहुत पहले ही अपना फैसला कर लिया था, और मैं इसे सम्मान देने के लिए हर दिन लड़ती हूं। मैं इस लड़ाई में अकेली नहीं हूं। आप सभी मेरे साथ खड़े हैं। हम सभी एक साथ खड़े हैं। और मेरा विश्वास करें, इससे बहुत फर्क पड़ता है।'
संबंधित वीडियो