अमेरिका के उपराष्ट्रपति माइक पेंस ने फ्लोरिडा में कहा कि यह वक्त वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के समाजवादी शासन को समाप्त करने के लिए काम करने का है।
पेंस ने शुक्रवार को वेनेजुएला के लोगों से कहा कि अमेरिका ‘‘सत्ता के शांतिपूर्ण हस्तांतरण’’ की ओर काम कर रहा है ताकि विपक्षी नेता जुआन गुएडो सत्ता में आ सके। साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का प्रशासन मादुरो की स्थिति कमजोर करेगा।
उन्होंने मियामी के उपनगर डोराल में एक चर्च में कहा, ‘‘यह बातचीत का समय नहीं है। यह मादुरो के शासनकाल को खत्म करने का समय है।’’ उनके इस बयान पर वेनेजुएला से भाग कर निर्वासित जीवन जी रहे देश के लोगों के बीच काफी उत्साह देखा गया।