ब्राजील और ऑस्ट्रेलिया के सैटेलाइट लॉन्च करने के बाद अब इसरो इटली के साथ ऐसे ही करार की ओर आगे बढ़ रहा है। इटली की अंतरिक्ष एजेंसी एएसआई के साथ हुई एक वर्चुअल बैठक में पृथ्वी अवलोकन, अंतरिक्ष विज्ञान और रोबोटिक व ह्यूमन एक्सप्लोरेशन के क्षेत्र में साथ काम करने और अंतरराष्ट्रीय साझेदारी को लेकर चर्चा हुई।
इसरो के अध्यक्ष और अंतरिक्ष विभाग के सचिव के सिवन और एएसआई के अध्यक्ष जियॉर्जियो सकोसिया के नेतृत्व में दोनों देशों के प्रतिनिधियों ने बैठक में हिस्सा लिया।
इस बैठक के बाद इसरो ने बयान जारी कर बताया, दोनों पक्षों ने जारी सहयोग की समीक्षा की और पृथ्वी अवलोकन, अंतरिक्ष विज्ञान, रोबोटिक और ह्यूमन रिसर्च में सहयोग की संभावनाओं का पता लगाने के लिए अधिक से अधिक विषयगत कार्य समू बनाने पर सहमति जताई।
बता दें कि इसरो ने 28 फरवरी को श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से ब्राजील के 637 किलो वजनी सैटेलाइट एमाजोनिया-1 का सफलतापूर्वक प्रक्षेपण किया था।
वहीं इसरो प्रमुख सिवन ने 17 फरवरी को ऑस्ट्रेलियाई अंतरिक्ष एजेंसी के प्रमुख एनरिको पलेरमो के साथ भी एक वर्चुअल बैठक कर सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की थी।