पश्चिम एशिया में तनाव एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है। गाजा में इस्राइल के रातभर किए गए हमलों में आठ फलस्तीनियों की मौत हो गई। वहीं, यमन की राजधानी सना में भी रात के समय धमाकों की खबर सामने आई है। दूसरी ओर, दुबई के पश्चिम में फारस की खाड़ी में एक तेल टैंकर के पास विस्फोट होने की सूचना मिली है। ब्रिटेन की समुद्री निगरानी एजेंसी के मुताबिक, टैंकर के कप्तान ने इसकी जानकारी दी। हालांकि, जहाज को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और चालक दल के सभी सदस्य सुरक्षित हैं। इसके अलावा यमन में मानवीय संकट भी गहराता जा रहा है।
गाजा में इस्राइली हमलों में आठ लोगों की मौत कैसे हुई?
गाजा में गुरुवार तड़के इस्राइल की ओर से तीन हमले किए गए। स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक, इन हमलों में आठ फलस्तीनियों की मौत हुई है। मृतकों को शिफा अस्पताल और अल-अक्सा शहीद अस्पताल ले जाया गया। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि मध्य गाजा के दीर अल-बलाह शहर में एक रिहायशी अपार्टमेंट को निशाना बनाया गया। इस हमले में एक व्यक्ति और उसकी पत्नी की मौत हो गई।
वहीं, गाजा शहर में हुए दो अन्य हमलों में तीन-तीन लोगों की जान चली गई। इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इस्राइल काट्ज ने संयुक्त बयान में कहा कि सेना ने रात के हमले में हमास के लिए गाजा में आर्थिक और शिक्षा मामलों की देखरेख करने वाले खालिद अबू नाडा को मार गिराया। इस्राइली सेना ने बताया कि एक हमले में तीन लड़ाकों को निशाना बनाया गया था। हालांकि, दूसरे हमले को लेकर उसने तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।
गौरतलब है किइस्राइल और हमास के बीच युद्धविराम समझौता होने के एक साल से ज्यादा समय बाद भी गाजा में लगभग रोजाना गोलीबारी और हवाई हमले जारी हैं। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, तीन साल से ज्यादा समय के युद्ध में अब तक कम से कम 74,746 फलस्तीनियों की मौत हो चुकी है।
यमन की राजधानी सना में किसने किया हमला?
दूसरी ओर, ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के मीडिया ने बताया कि गुरुवार तड़के यमन की राजधानी सना में हमले किए गए। हूती नियंत्रण वाले अल-मसीरा टीवी ने इन हमलों के लिए सऊदी अरब को जिम्मेदार ठहराया है। हालांकि, एसोसिएटेड प्रेस इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सका।
सना के दक्षिणी और उत्तरी हिस्से में रहने वाले दो लोगों ने भी रात में धमाकों की आवाज सुनने की बात कही। दक्षिणी इलाके में रहने वाले खलील अल-मखलाफी ने बताया कि उनका घर सैन्य शिविरों के पास है। इस इलाके में अक्सर विस्फोट होते रहते हैं। उन्होंने कहा कि इन आवाजों को बार-बार झेलना पड़ता है। इसका बच्चों की सेहत पर भी असर पड़ता है।
इस्राइल और दुबई के बीच सीधी उड़ानों की टिकट बिक्री फिर शुरू
इस बीच फ्लाई दुबई ने इस्राइल और दुबई के बीच सीधी उड़ानों के लिए टिकटों की बिक्री दोबारा शुरू कर दी है। अक्तूबर में एक पायलट ने कुल्हाड़ी से विमान पर कब्जा करने और उसे इस्राइल के मुख्य हवाई अड्डे पर गिराने की कोशिश की थी। यात्रियों ने उसे काबू कर लिया था और विमान सऊदी अरब में उतरा था।
इसके बाद इस्राइल ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए दुबई की सीधी उड़ानें रोक दी थीं। इसी सप्ताह इस्राइल के परिवहन मंत्रालय ने कहा कि सुरक्षा एजेंसियों की मंजूरी मिलने के बाद उड़ानें फिर शुरू हो सकती हैं। अब 3 दिसंबर से शुरू होने वाली उड़ानों के टिकट बिक्री के लिए उपलब्ध हैं।