इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अपने रक्षा मंत्री को रविवार को मंत्रिमंडल ने निकाल दिया। दरअसल योआव गैलेंट ने शनिवार को नेतन्याहू से आग्रह किया था कि वह इस्राइली न्यायपालिका में प्रस्तावित आमूलचूल परिवर्तन को रोक दें। इस बात पर दोनों में टकराव की स्थिति बन गई थी। गैलेंट सेना के पूर्व जनरल और इस्राइल की सत्ताधारी लिकुड पार्टी के वरिष्ठ सदस्य हैं। इस्राइली प्रधानमंत्री नेतन्याहू के कार्यालय ने हालांकि इस कार्रवाई का विस्तृत ब्योरा नहीं दिया है।
गुरुवार कानून हुए थे पारित
इससे पहले इस्राइल की संसद ने गुरुवार को न्यायपालिका में आमूल-चूल परिवर्तन के लिए प्रस्तावित कई विवादित कानूनों में से पहले कानून को पारित किया था। संसद से यह कानून ऐसे समय पारित हुआ, जब सड़कों पर इसके खिलाफ विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने कहा, अब देश निरंकुशता की ओर बढ़ेगा।
इस्राइल के पूर्व प्रधानमंत्री ने की आलोचना
इस्राइल के पूर्व प्रधानमंत्री येर लापिद ने सरकार के इस कदम की आलोचना की और इसे अपमानजनक और भ्रष्ट कानून करार दिया है। लापिद ने कहा कि नेतन्याहू सिर्फ अपनी कुर्सी बचाने में लगे हैं। बता दें, लंबे समय से चल रहे सरकार विरोधी प्रदर्शनों को नजरअंदाज करते हुए नेतन्याहू ने कथित तौर पर इस्राइल की न्यायपालिका को कमजोर करने की अपनी विवादास्पद योजनाओं को आगे बढ़ाया है।
आलोचकों का कहना है कि यह कानून नेतन्याहू के लिए बनाया गया है और इससे भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलेगा और न्यायपालिका में बदलाव को लेकर जनता के बीच खाई और चौड़ी होगी।