युद्ध विराम वार्ता के बीच इस्राइल के रक्षा मंत्री ने हमास को चेतावनी दी है। इस्राइली रक्षा मंत्री इस्राइल काट्ज ने कहा अगर हमास इस्राइल की शर्तों को नहीं मानता है तो गाजा शहर को नष्ट किया जा सकता है। इस्राइल इस क्षेत्र में बड़े आक्रमण की तैयारी कर रहा है।
प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के सेना को गाजा शहर पर कब्जा करने के लिए अधिकृत करने की घोषणा के एक दिन बाद रक्षा मंत्री इस्राइल काट्ज़ ने चेतावनी दी कि गाजा का सबसे बड़ा शहर राफा और बेत हनून में बदल सकता है। काट्ज़ ने एक्स पर पोस्ट में लिखा कि गाजा में हमास के हत्यारों और दुष्कर्मियों के सिर पर जल्द ही नरक के द्वार खुल जाएंगे। जब तक कि वे युद्ध समाप्त करने के लिए इस्राइल की शर्तों पर सहमत नहीं हो जाते।
उन्होंने इस्राइल की युद्धविराम की मांगों को दोहराया। इसमें सभी बंधकों की रिहाई और हमास का पूर्ण निरस्त्रीकरण शामिल है। हमास ने कहा है कि वह युद्ध समाप्त करने के बदले में बंदियों को रिहा कर देगा, लेकिन फलस्तीनी राज्य के निर्माण के बिना निरस्त्रीकरण को अस्वीकार करता है।
इस्राइल शुरू कर रहा नया सैन्य अभियान
इस्राइली सेना ने बताया कि देश के रक्षा मंत्री ने गाजा सिटी के सबसे घनी आबादी वाले इलाकों में नई कार्रवाई को मंजूरी दे दी है। इसके तहत 60,000 नए रिजर्व सैनिकों को बुलाया जाएगा और 20,000 पहले से तैनात रिजर्व सैनिकों की सेवा अवधि बढ़ाई जाएगी। सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, गाजा सिटी के उन हिस्सों में अभियान चलाया जाएगा जहां अब तक इस्राइल ने जमीनी कार्रवाई नहीं की है। इस अभियान का मुख्य लक्ष्य हमास का भूमिगत सुरंग नेटवर्क है।
हमास ने युद्धविराम पर सहमति जताई थी
बता दें कि हमास ने इस हफ्ते कहा था कि वह मिस्र और कतर के मध्यस्थता वाले युद्धविराम प्रस्ताव पर राजी हो गया है। ऐसे में अगर इस्राइल इसे मान लेता है, तो यह नया हमला टल सकता है। हालांकि नेतन्याहू ने सेना की गाजा कमांड यूनिट से मुलाकात के दौरान कहा कि हमारे लिए हमास को हराना और बंधकों को छुड़ाना, दोनों लक्ष्य साथ-साथ चलेंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे बंधकों की रिहाई और युद्ध समाप्ति को लेकर इस्राइल की शर्तों पर बातचीत तुरंत शुरू करें।
समझिए क्या है नया युद्धविराम प्रस्ताव?
अब बात अगर युद्धविराम को लेकर नए प्रस्वात की करें तो ये नया प्रस्ताव पहले के उसी प्रस्ताव जैसा है जिसे इस्राइल पहले स्वीकार कर चुका था लेकिन बाद में वार्ता रुक गई थी। इस प्रस्वात में कुछ बंधकों की रिहाई के बदले फलस्तीनी कैदियों की रिहाई, इस्राइली सेना की पीछे हटने की प्रक्रिया और स्थायी युद्धविराम पर भविष्य की बातचीत शामिल है।
गाजा में बदतर होते जा रहे हालात
गाजा में भुखमरी के बीच इस्राइली हमलों में गुरुवार को ही गाजा में कम से कम 36 फलस्तीनी मारे गए। संभावित नए हमले से और ज्यादा मौतें और विस्थापन हो सकते हैं। गाजा के 75% हिस्से पर इस्राइली नियंत्रण होने का दावा है, लेकिन स्थानीय लोग कहते हैं कि गाजा में कहीं भी सुरक्षित जगह नहीं है। वहीं दूसरी ओर इस्राइल में लोगों को डर है कि यह नया हमला अभी जीवित बचे लगभग 20 बंधकों के लिए जानलेवा साबित हो सकता है।