Israel-Hamas Ceasefire: हमास ने संघर्षविराम के तहत एक इस्राइली बंधक का शव रेड क्रॉस को सौंपा। बाद में इसे इस्राइली अधिकारियों को दिया गया। फोरेंसिक जांच में शव की पहचान के बाद परिजनों को सूचना दी जाएगी।
इस्राइल को शुक्रवार को एक और बंधक का शव सौंपा गया है। इस्राइली प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि हमास ने यह शव रेड क्रॉस के जरिये सौंपा गया। शव सौंपकर हमास युद्ध को खत्म करने के लिए जारी संघर्षविराम को बनाए रखने की कोशिश कर रहा है।
विज्ञापन
बाद में रेड क्रॉस ने यह शव इस्राइली सेना और सुरक्षा एजेंसियों को सौंप दिया। शव को इस्राइल के राष्ट्रीय फोरेंसिक चिकित्सा केंद्र को भेजा गया, जहां से इसकी पहचान की प्रक्रिया पूरी होगी। इसके बाद ही परिजनों की इसकी सूचना दी जाएगी।
हमास की तरफ से शव की पुष्टि
हमास के लड़ाकू संगठन कसम ब्रिगेड ने कहा कि यह शव एक 'कब्जे में लिए गए कैदी' का है। इसका मतलब है कि यह शव किसी इस्राइली नागरिक का है, न कि किसी अन्य देश के बंधक का। संघर्षविराम समझौते के तहत शवों की वापसी जरूरी है। इसके अलावा, सहायता सामग्री की आपूर्ति, सीमा खोलना और गाजा के पुनर्निर्माण जैसे मुद्दे भी इस समझौते का हिस्सा हैं।
ट्रंप की चेतावनी और शवों की खोज
हमास का कहना है कि वह संघर्षविराम के नियमों का पालन कर रहा है और शवों को लौटाने की कोशिश कर रहा है। इस हफ्ते हमास ने इस्राइल को नौ बंधकों के शव सौंपे हैं। एक अतिरिक्त शव भी दिया गया, जिसे इस्राइल ने कहा कि वह बंधक का नहीं था।
इस्राइली सेना और सुरक्षा एजेंसियों ने कहा कि हमास को समझौते के तहत सभी शव लौटाने होंगे। उधर, अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने चेतावनी दी थी कि अगर हमास सभी शव नहीं लौटाता तो वह इस्राइल को युद्ध फिर से शुरू करने की अनुमति देगा।