सार
लेबनान राष्ट्रपति ने इजरायल संग सीजफायर के बाद स्थायी समझौते की पहल की। हिजबुल्लाह हथियार छोड़ने से इनकार पर अड़ा, जबकि इजरायल ने सीमित समाधान के संकेत दिए, तनाव जारी।
लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ औन ने इजरायल के साथ सीजफायर के बाद स्थायी समझौते पर बातचीत करने का एलान किया है। उन्होंने कहा कि यह कदम लेबनान के लोगों के अधिकारों, क्षेत्रीय एकता और देश की संप्रभुता की सुरक्षा के लिए उठाया गया है। यह घोषणा गुरुवार और शुक्रवार की आधी रात से लागू हुए 10 दिवसीय सीजफायर के बाद आई है, जिसका उद्देश्य इजरायल और हिजबुल्लाह के बीच भीषण तनाव को कम करना है।
लेबनान के हितों की रक्षा के लिए सीजफायर
राष्ट्रपति औन ने लेबनान के लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि देश अब सीजफायर लागू करने से आगे बढ़कर लंबे समय तक स्थिरता बनाए रखने के बड़े चरण की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने सीजफायर का श्रेय लेबनान के लोगों के संयुक्त प्रयासों और कुर्बानियों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय व क्षेत्रीय राजनयिक जुड़ाव को दिया। आउन ने स्पष्ट किया कि बातचीत कमजोरी का संकेत नहीं है, बल्कि यह लेबनान के हितों की रक्षा करने और जानमाल के नुकसान व विस्थापन को रोकने का एक संप्रभु निर्णय है। उन्होंने कहा कि हजारों लेबनानी मारे गए हैं और विदेशी हितों के लिए अब और जानें नहीं जानी चाहिए। राष्ट्रपति औन ने कहा, "मैं इन फैसलों की पूरी जिम्मेदारी लेने के लिए तैयार हूं।" उन्होंने एक ही सरकारी अथॉरिटी, संविधान और सेना के तहत देश की एकता की भी अपील की।
स्थायी समझौते के लक्ष्य
औन ने आने वाले चरण के मुख्य मकसद बताए। इनमें लेबनानी क्षेत्र पर इजरायली हमलों को रोकना शामिल है। इजरायली सेना की वापसी सुनिश्चित करना और कैदियों की वापसी भी प्रमुख लक्ष्य हैं। बेघर हुए नागरिकों की सुरक्षित वापसी मुमकिन बनाना भी एक अहम उद्देश्य है। इसके साथ ही, सभी लेबनानी क्षेत्रों में सरकार का पूरा अधिकार वापस लाना भी इसमें शामिल है।
हिजबुल्लाह का कड़ा रुख
इस बीच, हिजबुल्लाह की पॉलिटिकल काउंसिल के सदस्य वाफिक सफा ने बेरूत में बीबीसी अरबी को बताया कि समूह के हथियारों पर कोई मोलभाव नहीं हो सकता। सफा ने जोर देकर कहा, "हिजबुल्लाह कभी भी हथियार नहीं छोड़ेगा।" उन्होंने कहा कि हमले रुकने, इजरायल के हटने, कैदियों की वापसी और बेघर हुए लोगों के अपने वतन लौटने से पहले, हिजबुल्लाह के हथियारों पर बात नहीं हो सकती। सफा ने चेतावनी दी कि हिजबुल्लाह नवंबर 2024 से लागू सीजफायर जैसा कोई भी समझौता नहीं मानेगा, जो 2 मार्च 2026 को टूट गया था।
इजरायल की प्रतिक्रिया और मौजूदा स्थिति
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने शुक्रवार को कहा कि इजरायल लेबनान सरकार के साथ राजनयिक और सैन्य समाधान का मौका देगा। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इजरायल ने हिजबुल्लाह के खिलाफ अपना काम पूरा नहीं किया है। लेबनान के सार्वजनिक स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि लेबनान में 2,294 लोग मारे गए हैं, जिनमें 100 पैरामेडिक्स और स्वास्थ्यकर्मी शामिल थे। नए सीजफायर के बावजूद, लेबनान के अल-मनार टीवी ने बताया कि इजरायल ने शुक्रवार को दक्षिणी लेबनान में ड्रोन हमला किया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई।