गाजा में एक बार फिर इस्राइली सैनिकों की हलचल तेज हो गई है। आखिरी बंधक की तलाश में बड़ा अभियान शुरू किया गया है। इस कड़ी में गाजा के कब्रिस्तान में रब्बी और दंत विशेषज्ञ मैदान में उतारे गए हैं। बता दें कि रान ग्विली की वापसी पर सीजफायर की अगली कड़ी, राफाह बॉर्डर खोलने की उम्मीद टिकी है।
इस्राइल ने कहा है कि वह गाजा में आखिरी बंधक को ढूंढने के लिए 'बड़े स्तर का सैन्य अभियान' चला रहा है। यह अभियान ऐसे समय में हो रहा है जब अमेरिका और दूसरे देश इस्राइल और हमास पर दबाव बना रहे हैं कि वे युद्धविराम (सीजफायर) के अगले चरण की तरफ बढ़ें।
वहीं इस्राइल की कैबिनेट इस बात पर भी चर्चा कर रही है कि क्या गाजा और मिस्र के बीच स्थित राफाह बॉर्डर क्रॉसिंग को खोला जाए। माना जा रहा है कि आखिरी बंधक, रान ग्विली, की वापसी से यह रास्ता खुलने का रास्ता साफ हो जाएगा और सीजफायर का दूसरा चरण शुरू हो सकेगा।
विज्ञापन
उत्तरी गाजा के एक कब्रिस्तान में खोज जारी
रान ग्विली की तलाश में इस्राइली सेना उत्तरी गाजा के एक कब्रिस्तान में खोज कर रही है। सेना के साथ रब्बी (धार्मिक विद्वान) और दंत विशेषज्ञ भी मौजूद हैं ताकि पहचान में मदद मिल सके। एक सैन्य अधिकारी ने बताया कि ग्विली को शायद शुजाइय्या और दाराज तुफ्फाह इलाके में दफनाया गया हो सकता है। ग्विली के परिवार ने सरकार से कहा है कि जब तक उनके बेटे के अवशेष वापस नहीं मिल जाते, तब तक सीजफायर के दूसरे चरण में न जाएं। दूसरी ओर, ट्रंप प्रशासन पहले ही कह चुका है कि सीजफायर का दूसरा चरण शुरू हो चुका है।
हमास पर इस्राइल ने लगाए आरोप
इस्राइल लगातार हमास पर आरोप लगा रहा है कि वह आखिरी बंधक की जानकारी देने में टालमटोल कर रहा है। वहीं हमास ने कहा है कि उसने जो भी जानकारी उसके पास थी, वह दे दी है और इस्राइल ही उन इलाकों में खोज में रुकावट डाल रहा है जो उसके सैन्य नियंत्रण में हैं।