इस्राइल का गाजा पट्टी में हमास के खिलाफ आक्रामक सैन्य अभियान जारी है। बुधवार को युद्ध के 82वें दिन में इस्राइल ने गाजा पट्टी पर भारी बमबारी और गोलाबारी की। जिसमें दर्जनों फलस्तीनी नागरिक मारे गए। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, खान यूनिस में अल-अमल सिटी अस्पताल के पास इस्राइल के हवाई हमले में 20 लोग मारे गए। गाजा में स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि हमले में कई लोग घायल हुए हैं।
इस्राइली सेना ने खान यूनिस में अन्य ठिकानों को भी मिसाइल और ड्रोन से निशाना बनाया। इस्राइली सेना ने एक बयान में कहा कि उसके लड़ाकू विमानों ने पिछले 24 घंटों में गाजा में कम से कम 200 जगहों पर बमबारी की। वहीं, इस्राइली बलों की फायरिंग में वेस्ट बैंक के तुल्कर्म शहर में छह फलस्तीनी मारे गए, जिनमें किशोर भी शामिल हैं। इसके अलावा इस्राइली सेना की दक्षिणी लेबनान में बमबारी में तीन लोग मारे गए, जिनमें आतंकी संगठन हिजबुल्लाह का एक सदस्य और उसके दो रिश्तेदार शामिल थे।
मध्य गाजा में संचार सेवा भी ठप
मध्य गाजा पर इस्राइली सेना के जमीन, समुद्र और हवा से हमले के कारण अधिकांश क्षेत्र में संचार सेवाएं बंद होने से फलस्तीनी हताहतों तक पहुंचने के स्वास्थ्य प्रयास प्रभावित हुए। इस्राइली सेना ने एक दिन पूर्व फलस्तीन के भीड़भाड़ वाले इलाकों में बमबारी करने और लोगों से इलाका खाली करने का आदेश देने के बाद बुधवार को शहरी शरणार्थी शिविरों में जमीनी हमले का विस्तार भी किया।
गाजा में चिकित्सकों ने कहा, मध्य गाजा के अल-मगाजी में एक हवाई हमले में पांच फलस्तीनी मारे गए, जबकि उत्तर में सात फलस्तीनियों के शव अल-शिफा अस्पताल पहुंचाए गए। संभावित नए युद्ध क्षेत्र का खुलना इंगित करता है कि आगे की राह विनाशकारी और लंबी है।
इस बीच, युद्धविराम की बढ़ती वैश्विक मांग के बावजूद हमास को खत्म करने का संकल्प जताते हुए इस्राइली चीफ ऑफ स्टाफ हरजी हलेवी ने कहा कि यह युद्ध कई माह लंबा चल सकता है और इसका कोई ‘जादुई समाधान’ या ‘शॉर्टकट’ नहीं है। निवासियों ने अल-ब्यूरिज जिले के पूर्व और उत्तर में तथा पास के जुहर अद-डीक गांव में भी भारी लड़ाई की सूचना दी। यहां इस्राइली टैंक तैनात कर दिए गए हैं।
अब तक 21,110 फलस्तीनी मारे गए
गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि इस समय यहां के अस्पतालों में हर जगह खून है। गाजा में कहीं भी कोई सुरक्षित नहीं है। चिकित्सकों ने कहा, हम देख रहे हैं, बमबारी इतनी घातक और बड़ पैमाने पर है कि विश्वास करना काफी मुश्किल है। यह एक रक्तपात है, हमने पहले ही कहा था कि यह नरसंहार है। इस बीच, 7 अक्तूबर के बाद से अब तक गाजा में 21,110 फलस्तीनी मारे गए हैं और 55,243 घायल हुए हैं। आंकड़ों में गत 24 घंटों में मारे गए 195 फलस्तीनी और 325 घायल शामिल हैं।