हमास और इस्राइल एक साल से अधिक समय जंग लड़ रहे हैं। इस्राइल द्वारा हमास को खत्म करने का संकल्प गाजा पट्टी के लोगों पर भारी पड़ रहा। यह शहर मलबों के ढेर में तब्दील हो गया है। वहीं, हमास भी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा। इस बीच, इस्राइली सेना ने मंगलवार को बताया कि उसने हमास के तीन सदस्यों को मार गिराया है। बता दें, यह जानकारी फलस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा दो लोगों के मारे जाने की सूचना के बाद सामने आई है।
वायुसेना ने वाहनों पर हमला किया
इस्राइली सेना ने कहा, 'कब्जे वाले वेस्ट बैंक शहर तुबास के पास हमारी वायुसेना ने वाहनों पर हमला किया। इस हमले में हमास के तीन सदस्य मारे गए, जिन्होंने पहले से ही एक आतंकवादी हमले की योजना बनाई थी। सैनिकों ने हमले के आसपास के क्षेत्र में एक लक्ष्य बनाकर निशाना साधा। इसमें चार हथियारों का पता लगाया।'
फलस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय का यह दावा
फलस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय ने पहले कहा था कि अकाबा में एक वाहन पर इस्राइल द्वारा किए हमले में दो फलस्तीनियों की मौत हो गई और एक घायल हो गया। सभी को तुबास के एक अस्पताल में ले जाया गया। मगर बाद में कहा गया कि इस्राइली बलों ने उसी अस्पताल पर छापा मारा। हालांकि, सेना ने इस बात से साफ इनकार किया है।
अकाबा क्षेत्र में हमला करने की रच रहे थे साजिश: इस्राइल
इस्राइली सेना ने पहले ही बताया था कि वायुसेना ने खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक आतंकवादी सेल को निशाना बनाया जो अकाबा क्षेत्र में हमला करने वाला था। उसने कहा था कि सेना की एक इकाई को शवों को जमा करने के लिए भेजा गया और तुबास में तुर्की अस्पताल के क्षेत्र में ऑपरेशन चलाया गया। हालांकि, उसने साफ इस बात पर भी जोर दिया था किवे अस्पताल में दाखिल नहीं हुए थे।
मीडिया रिपोर्ट में कुछ और ही...
इस्राइल अक्सर अभियानों के दौरान मारे गए फलस्तीनियों के शवों को जब्त कर लेता है, विशेष रूप से उन लोगों के शवों को जो उग्रवादी समूहों से संबंधित होते हैं, हालांकि अभियान के समय अस्पताल के पास मौजूद पत्रकारों ने सैनिकों को शवों को ले जाते नहीं देखा था। ऐसा एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है।
अस्पताल के अंदर घुसी सेना
फलस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय ने आरोप लगाया है कि इस्राइली सेना ने अस्पताल को घेर लिया था। अंदर घुसकर गोली चलाईं। इतना ही नहीं कर्मचारियों और मरीजों पर भी हमला किया और उनमें से कई को गिरफ्तार किया।