बेंजामिन नेतन्याहू की सरकार ने दी ऑल आइज ऑन राफा पर प्रतिक्रिया
- फोटो : ANI/Instagram
इस्राइल-हमास में जारी संघर्ष के बीच सोशल मीडिया पर 'सभी की निगाहें राफा पर' ('ऑल आइज ऑन राफा') काफी ज्यादा ट्रेंड कर रहा है। कई मशहूर हस्तियों, खिलाड़ियों और अन्य सोशल मीडिया यूजर्स ने भी अपनी स्टोरी पर इसे साझा किया। इसका संदर्भ राफा पर किए गए इस्राइली हवाई हमले से है, जिसमें बच्चे समेत 45 नागरिकों की मौत हो गई थी। हमास को नष्ट करने के लिए इस्राइली सेना राफा पर जो हमले किए, उसने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ध्यान आकर्षित किया है। दुनिया के कोने कोने से लोगों ने 'ऑल आइज ऑन राफा' पोस्ट का इस्तेमाल अपने सोशल मीडिया पर किया। सोशल मीडिया पर ट्रेंड होने के बाद इस्राइल ने इस पर प्रतिक्रिया दी। इस्राइल ने सोशल मीडिया यूजर्स से पूछा कि जब हमास ने इस्राइल पर हमला किया, तब उन्होंने इसे लेकर कुछ पोस्ट क्यों नहीं किया था?
पिछले साल सात अक्तूबर को हमास ने इस्राइल में घुसकर हमले किए, जिसमें लगभग 1,160 लोगों की मौत हो गई थी। मरने वालों में ज्यादातर इस्राइली नागरिक ही शामिल थे। हमले के बाद हमास के आतंकी 250 से ज्यादा इस्राइली और विदेशियों को बंधक बनाकर गाजा ले गए। हालांकि, इस संघर्ष के बीच हमास ने कुछ बंधकों को रिहा भी कर दिया था, लेकिन इस्राइल का मानना है कि अभी भी 99 बंधक हमास के कब्जे में हैं। बंधकों में 31 की मौत हो गई।
नेतन्याहू सरकार का पलटवार
इस्राइल के राष्ट्रपति बेंजामिन नेतन्याहू की सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर 'ऑल आइज ऑन राफा' को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने एक तस्वीर के साथ पोस्ट साझा किया, जिसमें लिखा था, "सात अक्तूबर को आपकी निगाहें कहां थी?" नेतन्याहू की सरकार ने अपने पोस्ट में लिखा, "हम सात अक्तूबर के बारे में बात करना कभी नहीं भूलेंगे। हम बंधकों के लिए लड़ना कभी नहीं भूलेंगे।" उन्होंने हमास के आतंकी के साथ एक बच्चे की तस्वीर साझा की।
बता दें इंस्टाग्राम पर करीब 450 लाख लोगों ने 'ऑल आइज ऑन राफा' को अपने पोस्ट और स्टोरी पर साझा किया। 'ऑल आइज ऑन राफा' कैप्शन के साथ जो तस्वीर साझा की गई, उसमें राफा के दृश्य का वर्णन किया गया है। यह तस्वीर उन हजारों फलस्तीनियों की ओर इशारा करती है, जो गाजा पर इस्राइली सेना के हमले के बाद बचने के लिए राफा भाग गए थे।