फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इस्राइल में सत्ता की नई पेशकश: नेतन्याहू खुद छोड़ सकते हैं पीएम की कुर्सी, गादी बोले- आठ दिन में बनाऊंगा सरकार

Sat, 28 Nov 2026 08:24 AM IST
शिवम गर्ग आईएएनएस, यरुशलम

सार

इस्राइल में नई सरकार के गठन को लेकर गादी आइजेनकोट और नेतन्याहू की लिकुड पार्टी के बीच गतिरोध बना हुआ है। आइजेनकोट ने आठ दिन में सरकार बनाने का दावा किया है। वहीं, लिकुड ने उन पर दोहरी रणनीति अपनाने का आरोप लगाया है।
विज्ञापन
इस्राइल में सरकार गठन की नई पेशकश। - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

इस्राइल में नई सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक खींचतान जारी है। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू अब सत्ता साझा करने के विकल्प पर विचार कर रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने विपक्षी नेता और याशार पार्टी के प्रमुख गादी आइजेनकोट को रोटेशन व्यवस्था के तहत प्रधानमंत्री बनाने का प्रस्ताव देने की तैयारी की है। इस व्यवस्था में नेतन्याहू खुद दूसरे प्रधानमंत्री की भूमिका निभाने को तैयार हो सकते हैं।

विज्ञापन


द टाइम्स ऑफ इस्राइल की रिपोर्ट के अनुसार, चैनल 13 ने दावा किया है कि नेतन्याहू इस सत्ता साझेदारी के प्रस्ताव की घोषणा करने की तैयारी कर रहे हैं। हालांकि, प्रधानमंत्री कार्यालय के अधिकारियों के बीच इस प्रस्ताव को लेकर मतभेद हैं। वहीं, सार्वजनिक प्रसारक कान के मुताबिक, यह प्रस्ताव अनौपचारिक माध्यमों से आइजेनकोट तक पहुंचाया जा सकता है, ताकि लिकुड पार्टी जरूरत पड़ने पर इससे दूरी बना सके।

आइजेनकोट को नेतन्याहू के प्रस्ताव पर भरोसा नहीं
रिपोर्ट के मुताबिक, गादी आइजेनकोट नेतन्याहू के प्रस्तावों को लेकर आशंकित हैं। वह अगले सप्ताह तक नई सरकार बनाने की तैयारी जारी रखे हुए हैं। उन्होंने अपने संभावित सहयोगियों यायर गोलान और अविगदोर लिबरमैन को भरोसा दिलाया है कि उनकी मंजूरी के बिना लिकुड के साथ एकता सरकार नहीं बनाई जाएगी।
विज्ञापन


यायर गोलान की डेमोक्रेट्स पार्टी और अविगदोर लिबरमैन की यिस्राएल बेतेनु पार्टी ने याशार के साथ गठबंधन समझौते किए हैं। दोनों नेता पहले ही नेतन्याहू के नेतृत्व वाली सरकार में शामिल होने से इनकार कर चुके हैं।

आइजेनकोट के पास सिर्फ आठ दिन का समय
विपक्षी गठबंधन के नेता गादी आइजेनकोट ने कहा है कि वह अपने पास बचे आठ दिनों में नई सरकार बनाने की कोशिश करेंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की लिकुड पार्टी पर राष्ट्रीय एकता सरकार बनाने के नाम पर बातचीत करने, लेकिन समझौते की वास्तविक मंशा नहीं रखने का आरोप लगाया है।

आइजेनकोट ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में बताया कि दोनों पक्षों के बीच दो सप्ताह में पांच बैठकें हुईं। इसके बावजूद लिकुड पार्टी ने कोई ठोस प्रस्ताव नहीं दिया और न ही प्रमुख मुद्दों पर समझौता करने की इच्छा दिखाई। उन्होंने आरोप लगाया कि नेतन्याहू की पार्टी जानबूझकर बातचीत में देरी कर रही है, ताकि विपक्षी गठबंधन में फूट डाली जा सके और देश में दोबारा चुनाव कराने की स्थिति पैदा हो।

इन तीन मुद्दों पर नहीं बन पाई सहमति
आइजेनकोट के मुताबिक, बातचीत में तीन प्रमुख मुद्दों पर सहमति नहीं बन पाई। इनमें सरकार से दक्षिणपंथी दलों को बाहर करना, 7 अक्तूबर 2023 के हमले की जांच के लिए राज्यस्तरीय आयोग बनाना और अधिक लोगों के लिए सैन्य सेवा अनिवार्य करने वाला कानून पारित करना शामिल है।

उन्होंने दावा किया कि उनके गठबंधन ने न्यायिक सुधार और प्रस्तावित जांच आयोग के मुद्दे पर भी महत्वपूर्ण समझौते करने की पेशकश की थी। इसके बावजूद लिकुड पार्टी ने कोई ठोस पहल नहीं की।

लिकुड ने आइजेनकोट पर लगाया दोहरी रणनीति का आरोप
आइजेनकोट के आरोपों पर लिकुड पार्टी ने पलटवार किया है। पार्टी का कहना है कि आइजेनकोट राजनीतिक रूप से दोहरी रणनीति अपना रहे हैं। लिकुड के मुताबिक, वह पहले से ही एक वैकल्पिक गठबंधन बनाने में जुटे हैं। पार्टी ने आरोप लगाया कि आइजेनकोट मंत्रियों के विभाग बांटने और अरब दलों के समर्थन से सरकार बनाने की तैयारी कर रहे हैं। लिकुड ने इन अरब दलों को आतंकवाद का समर्थक भी बताया है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें