Israel-Iran Conflict: इस्राइल की तरफ से ईरान पर हवाई हमले लगातार जारी है। इस कड़ी में इस्राइली वायु सेना ने दावा किया है कि उसने पश्चिमी ईरान में एक ड्रोन बेस को निशाना बनाया है और इस हमले के बाद मौके से भाग रहे ईरानी सैनिकों को भी मार गिराया है।
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच इस्राइली वायु सेना (आईएएफ) ने रविवार को ईरान पर हमले का एक बड़ा अपडेट जारी किया। इस्राइल ने हवाई हमलों में ईरान के एक ड्रोन भंडारण स्थल को तबाह करने का दावा किया है। आईएएफ ने दावा किया कि इस हमले में ईरान को भारी नुकसान के साथ-साथ अपने कुछ सैनिकों को भी खोना पड़ा है।
खुफिया जानकारी के आधार पर वायु सेना ने की कार्रवाई
आईएएफ के अनुसार, खुफिया जानकारी के आधार पर वायु सेना ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया है। ईरान का यह ड्रोन भंडारण स्थल पश्चिमी ईरान के एक लॉन्च साइट के भीतर बनाया गया था। आईएएफ के अनुसार, इस हमले के बाद मौके पर मौजूद ईरानी सैनिकों में भगदड़ का माहौल बन गया। हमले के बाद अपने बचाव में इधर-उधर भाग रहे सैनिकों को भी इस्राइल के लड़ाकू विमानों ने ट्रैक कर निशाना बनाया और मार गिराया है।
विज्ञापन
हमले के बाद भाग रहे ईरानी सैनिकों को किया ढेर
आईएएफ ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर लिखा, 'पश्चिमी ईरान से विशेष जानकारी: क्षेत्र में चल रहे अभियान के तहत, आईडीएफ ने सटीक और रीयल-टाइम खुफिया जानकारी के आधार पर वायु सेना के एक विमान से पश्चिमी ईरान में एक लॉन्च साइट के भीतर बनाए गए ड्रोन भंडारण स्थल पर हमला किया। भंडारण स्थल पर हमले के बाद, वायु सेना ने ईरानी शासन के उन सैनिकों की पहचान की जो लॉन्च साइट से भाग गए थे। इसके बाद वायु सेना के विमान ने उन्हें ट्रैक किया और अलग-अलग हमलों में उन्हें मार गिराया।'
ईरान में जान-माल का भारी नुकसान
लगातार हो रहे हमलों में ईरान को जान-माल का भारी नुकसान हो रहा है। ईरान की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, अमेरिका-इस्राइल के हमले में अब तक 202 बच्चों और 223 महिलाओं की मौत हो चुकी है। ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी बयान में बताया गया कि अमेरिका-इस्राइल के हमलों में कम से कम 202 बच्चे और 223 महिलाएं मारी गई हैं, जिनमें तीन गर्भवती भी शामिल हैं।
हमने रिहायशी इलाकों को नहीं बनाया निशाना- अराघची
ईरान के विदेश मंत्री के टेलीग्राम चैनल ने अल-अरबी अल-जदीद वेबसाइट को दिए एक इंटरव्यू में उनके हवाले से कहा कि तेहरान खाड़ी देशों के साथ बातचीत कर रहा है और ऐसी किसी भी पहल का स्वागत करेगा, जो ईरान पर अमेरिका-इस्राइली युद्ध को खत्म करने की गारंटी दे सके। अब्बास अराघची ने जोर देकर कहा कि ईरान ने पश्चिम एशिया में आम लोगों या रिहायशी इलाकों को निशाना नहीं बनाया है। उन्होंने कहा कि तेहरान अपने पड़ोसियों के साथ एक कमेटी बनाने के लिए तैयार है ताकि यह पता लगाया जा सके कि ऐसे हमलों के लिए कौन जिम्मेदार है।
-इनपुट आईएएनएस