पिछले कुछ वर्षों से पाकिस्तान न सिर्फ आर्थिक संकट से जूझ रहा है बल्कि उसे इस्लामी देश भी उससे आर्थिक रिश्ते बनाने में पीछे हट रहे हैं। हाल ही में सऊदी अरब दौरे पर गए पाक पीएम जब वापस आए तो लगा कि सब ठीक हो गया है लेकिन अब पता चला है कि इमरान खान के हाथ कुछ नहीं लगा। पाकिस्तान में एक रिफाइनरी में सऊदी निवेश का भविष्य अब भी अनिश्चित ही है।
बता दें कि रियाद-इस्लामाबाद के बीच रिश्तों में गिरावट आई है। द न्यूज इंटरनेशनल से बात करते हुए इमरान खान के बिजली-पेट्रोलियम पर विशेष सहायक ताबीश गौहर ने कहा, सऊदी अरब ग्वादर में रिफाइनरी स्थापित नहीं करेगा। हालांकि उसने बलोचिस्तान या कराची के पास एक पेट्रो-केमिकल रासायनिक परिसर के साथ एक रिफाइनरी स्थापित करने का संकेत दिया है।
गौहर ने कहा, सऊदी अरब की कंपनी अरामको की ओर से कच्चे तेल के प्रतिदिन 2,50,000 बैरल को परिष्कृत करने की क्षमता वाली डीप कनवर्जन रिफाइनरी की स्थापना को लेकर कोई प्रगति नहीं हुई है।
हालांकि 2019 में सऊदी ने 20 अरब डॉलर के समझौते के वक्त ग्वादर में 10 अरब डॉलर के निवेश की घोषणा की थी। बिगड़े संबंधों के बीच उसने तेल सुविधा भी वापस ले ली है, जिसकी बहाली के लिए पाक वित्त विभाग सऊदी अधिकारियों के संपर्क में है।
पंजाब के गवर्नर ने अमेरिका में कराई पाक की किरकिरी
पाक में पंजाब प्रांत के गवर्नर चौधरी मोहम्मद सरवर ने अमेरिका में देश की किरकिरी कराते हुए सरवर फाउंडेशन के लिए 40 हजार डॉलर की कमाई की। उन्होंने पाक मूल के अमेरिकी व्यापारियों से पत्नी के नाम पर बैंक चेक लिखने को कहा। इस दौरान उन्हें कुछ लोगों से मदद भी मिली जो पाक में प्रोजेक्ट लांच कराना चाहते हैं।
यही नहीं, टेक्सास में अपनी भतीजी की शादी में शामिल होने के अलावा सरवर ने अपने दौरे को आधिकारिक बनाने के लिए वाशिंगटन में पाक दूतावास का दौरा भी किया। इस दौरान उनकी मदद करने वालों को आश्वासन दिया गया कि जब वे पाक आएंगे तो उनका ध्यान रखा जाएगा।
पाकिस्तान में दो सड़क हादसों में 10 की मौत, 16 घायल
पाकिस्तान में शुक्रवार को दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई जबकि 16 अन्य घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक सिंध प्रांत के खैरपुर जिले में टांडो मस्ती के नजदीक तेज रफ्तार से जा रही कार की एक बस से टक्कर हो गई जिससे छह लोगों की मौत हुई और 16 अन्य घायल हो गए। यह हादसा कार के टायर के फटने से हुआ।
एक अन्य दुर्घटना में, लाहौर में फिरोजपुर रोड पर बस ने एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। घटना में एक ही परिवार के चार लोग मारे गए। देश में लापरवाही से गाड़ी चलाने, पुराने वाहनों और सड़कों की खराब स्थिति के कारण अक्सर सड़क दुर्घटनाएं होती है।