दक्षिण एशिया में तनाव एक बार फिर चरम पर है। इसका बड़ा कारण पाकिस्तान की तरफ से हाल ही में अफगानिस्तान पर किया गया हवाई हमला है। नापाक पड़ोसी ने अफगानिस्तान में हवाई हमले कर हालात और गंभीर बना दिए हैं। ये हमला पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ के उस बयान के महज चार दिन बाद हुई, जिसमें उन्होंने साफ कहा था कि पाकिस्तान जरूरत पड़ने पर अफगानिस्तान के अंदर एयर ऑपरेशन करने से नहीं हिचकेगा।
बता दें कि पाकिस्तान में सुरक्षा और विदेश नीति जैसे अहम मामलों में असली ताकत सेना मुख्यालय, यानी रावलपिंडी में बैठी सैन्य नेतृत्व के पास मानी जाती है। आम धारणा है कि ऐसे फैसलों में नागरिक सरकार से ज्यादा सेना की चलती है।
ख्वाजा आसिफ ने लगाया था आरोप
ख्वाजा आसिफ ने एक न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू में आरोप लगाया था कि पाकिस्तान में हो रहे आतंकी हमलों के पीछे भारत और अफगानिस्तान की प्रॉक्सी वॉर है। उनका कहना है कि प्रतिबंधित आतंकी संगठन अफगान जमीन से काम कर रहे हैं। यह पहली बार नहीं है जब उन्होंने ऐसा आरोप लगाया हो। पिछले साल भी उन्होंने कहा था कि भारत ने अफगान तालिबान नेतृत्व में घुसपैठ कर ली है, जिसकी वजह से पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव बढ़ा है।
ये भी पढ़ें:- Violence: ड्यूरंड रेखा पर भड़की हिंसा, 48 घंटों में 31 पख्तून हताहत; अफगानिस्तान और पाकिस्तान में तनाव तेज
इतना ही नहीं मीडिया की एक रिपोर्ट में भी जिक्र था कि पाकिस्तान ने भारत पर तालिबान को समर्थन देने का आरोप लगाया, लेकिन इसके समर्थन में कोई ठोस सबूत पेश नहीं किया गया। ऐसे में पाकिस्तान का कहना है कि वह अफगानिस्तान में मौजूद आतंकी ठिकानों को निशाना बना रहा है। लेकिन इन हमलों के बाद अफगान तालिबान की तरफ से जवाबी कार्रवाई होती है, जिससे सीमा पर गोलीबारी और झड़पें बढ़ जाती हैं। इन हालातों के चलते कई बार सीमा को महीनों तक बंद करना पड़ा है, जिससे आम लोगों और व्यापार पर बुरा असर पड़ा।
अफगानिस्तान की कड़ी प्रतिक्रिया
अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने हालिया हमलों को आक्रामक बताया है। उनका आरोप है कि पाकिस्तान ने नंगरहार और पक्तिका प्रांतों में नागरिक इलाकों, यहां तक कि एक धार्मिक स्कूल और रिहायशी घरों को निशाना बनाया, जिसमें महिलाओं और बच्चों समेत कई निर्दोष लोग मारे गए। काबुल के स्थानीय मीडिया के मुताबिक, इन हमलों को अफगानिस्तान की संप्रभुता (सार्वभौमिकता) का उल्लंघन और युद्ध अपराध तक कहा जा रहा है।
ये भी पढ़ें:- Pakistan Airstrikes: पाकिस्तान की एयरस्ट्राइक से अफगानिस्तान में अब तक 80 से ज्यादा मौतें, सीमा पर तनाव चरम पर
पाकिस्तानी हमले में 80 लोगों की गई जान
गौरतलब है कि पाकिस्तान की तरफ से अफगानिस्तान के भीतर किए गए हवाई हमलों में 80 से अधिक लोगों के मारे जाने की खबर है। पाकिस्तानी सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक यह कार्रवाई अफगानिस्तान के नंगरहार, पक्तिका और खोस्त प्रांत के सात स्थानों पर की गई। पाकिस्तान का कहना है कि यह हमले हाल में हुए आत्मघाती विस्फोटों के जवाब में किए गए हैं, जिनके लिए उसने अफगानिस्तान स्थित आतंकी ठिकानों को जिम्मेदार ठहराया है।