अमेरिका से तनाव के बीच ईरान ने 1,400 किलोमीटर तक मार करने वाली करने वाली बैलेस्टिक मिसाइल और एक नई क्रूज मिसाइल का अनावरण किया है। ईरानी रक्षा मंत्री अमीर हातमी ने कहा, सतह से सतह पर मार करने वाली मिसाइल को शहीद कासिम सुलेमानी का नाम दिया गया है।
इसकी मारक क्षमता 1,400 किलोमीटर है और अबू महदी नामक क्रूज मिसाइल की क्षमता 1000 किलोमीटर से अधिक है। उधर अमेरिका ने ईरान पर दोबारा सभी प्रतिबंध लगाने की मांग की है।
संयुक्त राष्ट्र की साख पर भी खड़े हो सकते हैं सवाल
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका ईरान पर संयुक्त राष्ट्र के सभी प्रतिबंधों को दोबारा लगाने की मांग करेगा। माना जा रहा है कि इस कदम से न सिर्फ ट्रंप प्रशासन के और अधिक अकेला पड़ने की आशंका है बल्कि इससे संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की साख पर भी सवाल खड़े हो सकते हैं।
बता दें कि पिछले सप्ताह ईरान के हथियार रखने पर अनिश्चितकाल के लिए पाबंदी लगाने का अमेरिकी प्रयास नाकाम रह चुका है। इसलिए अब अमेरिका कूटनीतिक माध्यम से अपना हित साधना चाहता है।
ट्रंप ने कहा, यह ‘स्नैप बैक’ है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि उनके विदेश मंत्री माइक पोम्पियो न्यूयॉर्क जाकर सुरक्षा परिषद के अध्यक्ष को अधिसूचित करेंगे कि अमेरिका परमाणु समझौते को मान्यता देने वाले परिषद के प्रस्ताव पर स्नैप बैक तरीका अपना रहा है।
ट्रंप ने कहा, ईरान के पास कभी परमाणु हथियार नहीं होंगे। स्नैप बैक में समझौते में शामिल पक्ष यूएन द्वारा पहले लगाए गए सभी प्रतिबंध दोबारा लगाने की मांग कर सकते हैं और इस जटिल प्रक्रिया को वीटो को जरिए भी नहीं रोका जा सकता। इससे पहले ईरान पर प्रतिबंध लगाने संबंधी प्रस्ताव पर हुए मतदान का रूस और चीन ने विरोध किया जबकि 11 सदस्य अनुपस्थित रहे।