कोरोना वायरस की महामारी और अमेरिका के साथ तनाव के बीच ईरान के पैरामिलिट्री रिवोल्यूशनरी गार्ड ने एक मिलिट्री सैटेलाइट को ऑर्बिट में लॉन्च किया है। उन्होंने बताया है कि वह कई महीनों से इसे लॉन्च कर रहे थे लेकिन बार बार फेल हो जा रहे थे लेकिन आखिरकार उन्हें सफलता मिल ही गई।
हालांकि, उपग्रह प्रक्षेपण के बाद पहले ईरान ने इस पर चुप्पी साध रखी थी, लेकिन बाद में उसने इस प्रक्षेपण की पुष्टि की है। इसका नाम ‘नूर’ यानी रोशनी बताया गया है। ईरान द्वारा इस तरह की लॉन्चिंग का विरोध करने वाले अमेरिकी विदेश विभाग और पेंटागन ने फिलहाल इस पर अपना कोई जवाब नहीं दिया है।
अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर, गार्ड ने कहा कि सैटेलाइट सफलतापूर्वक पृथ्वी की सतह से 425 किलोमीटर (264 मील) ऊपर के ऑर्बिट में पहुंच गया। गार्ड ने इसे तेहरान द्वारा लॉन्च किया गया पहला सैन्य उपग्रह बताया। गार्ड ने बताया कि इस दो स्टेज सैटेलाइट को ईरान के सेंट्रल डेजर्ट से लॉन्च किया गया।
हालांकि, उन्होंने लॉन्चिंग से जुड़ी कोई भी महत्वपूर्ण जानकारी नहीं दी। अर्धसैनिक बल ने कहा कि इसने उपकरण को अंतरिक्ष में भेजने के लिए एक ‘मैसेंजर’ उपग्रह वाहक का इस्तेमाल किया। बता दें कि परमाणु समझौते को लेकर तेहरान और वाशिंगटन के बीच तनाव बढ़ने के बाद यह लॉन्च सामने आया है।