ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने गुरूवार को अमेरिका के उन दावों को सिरे से खारिज कर दिया, जिनमें कहा गया है कि तेहरान जैविक या रासायनिक हथियार विकसित कर रहा है। उन्होंने वाशिंगटन पर बिना ठोस सबूत के आरोप लगाने का आरोप लगाया। बघाई ने इन दावों की तुलना 2003 में इराक पर अमेरिकी नेतृत्व वाले हमले से पहले लगाए गए आरोपों से की।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में बघाई ने कहा कि ईरान के खिलाफ अमेरिका के आरोप लगातार बदल रहे हैं, लेकिन उनके पीछे की कहानी पहले जैसी ही है। उन्होंने 2003 में इराक पर हमले से पहले अमेरिकी अधिकारियों की ओर से सामूहिक विनाश के हथियारों को लेकर किए गए खुफिया दावों का जिक्र किया।
बघाई ने कहा, 'ईरान के परमाणु खतरे की बड़ी कहानी के बाद अब अमेरिकी अधिकारी दावा कर रहे हैं कि ऐसे संकेत मिले हैं कि ईरान जैविक या रासायनिक हथियार विकसित कर रहा है।' उन्होंने आगे कहा, 'आरोप बदलते रहते हैं, लेकिन उनके पीछे की कहानी चिंताजनक रूप से वैसी ही है। एक बार फिर दुनिया से उम्मीद की जा रही है कि वह सब कुछ भूल जाए, ठीक फिल्म 'फाइंडिंग निमो' की भुलक्कड़ मछली डोरी की तरह।'
कॉलिन पॉवेल के 2003 के भाषण का किया जिक्र
बघाई ने सवाल उठाया कि क्या अमेरिकी अधिकारी चाहते हैं कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय इराक युद्ध से पहले की घटनाओं को भूल जाए। उन्होंने 2003 में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) के सामने तत्कालीन अमेरिकी विदेश मंत्री कॉलिन पॉवेल की प्रस्तुति का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा, 'क्या अमेरिकी अधिकारी वास्तव में उम्मीद करते हैं कि दुनिया संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में 2003 में कॉलिन पॉवेल की उस चर्चित प्रस्तुति को भूल जाएगी, जब उन्होंने इराक के सामूहिक विनाश के हथियारों से कथित खतरे को दिखाने के लिए एक छोटी शीशी उठाई थी?' उन्होंने आरोप लगाया कि इराक के पास सामूहिक विनाश के हथियार होने से जुड़े अप्रमाणित खुफिया दावों का जानबूझकर इस्तेमाल किया गया था। इसका मकसद सैन्य हस्तक्षेप के लिए जनता का समर्थन जुटाना था।
ईरान के खिलाफ मौजूदा आरोपों की तुलना इराक युद्ध से करते हुए उन्होंने कहा कि अब फिर ऐसे गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं और कहानी उसी कथित धोखाधड़ी वाले पुराने तरीके पर आगे बढ़ती दिख रही है।
क्या बोले राष्ट्रपति ट्रंप?
इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया है कि वह ईरान को लेकर किसी फैसले में जल्दबाजी नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नए साल की शुरुआत के बाद हालात का आकलन किया जाएगा। चीन से लौटते समय एयर फोर्स वन में अमेरिकी मीडिया संस्थान 'एक्सियोस' से फोन पर संक्षिप्त बातचीत में ट्रंप ने कहा, 'हम देखेंगे कि साल की शुरुआत के बाद क्या होता है।' अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने यह बात ईरान को लेकर अमेरिकी रुख पर पूछे गए सवाल के जवाब में कही।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी बताया कि उन्होंने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग शिखर सम्मेलन के इतर हुई त्रिपक्षीय बैठक में ईरान के खिलाफ युद्ध पर चर्चा की थी।