ईरान-अमेरिका-इस्राइल जंग से तबाही
- फोटो : अमर उजाला
ईरान ने इस्राइल के मध्य इलाके पर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया है। इस हमले में दो लोगों की मौत हो गई है। सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, इस्राइल की आपातकालीन सेवा मैगन डेविड एडोम (एमडीए) ने जानकारी दी कि रामत गन शहर में मिसाइल के टुकड़े गिरने से एक पुरुष और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पैरामेडिक्स ने मौके पर पहुंचकर उन्हें मृत घोषित कर दिया।
क्या बोली इस्राइली सेना?
मिसाइल का मलबा तेल अवीव के उत्तर में स्थित बेनी ब्रैक शहर में भी गिरा। यहां एक व्यक्ति को मामूली चोटें आई हैं। हमले के बाद इस्राइल के होम फ्रंट कमांड ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। सेना ने कहा है कि सुरक्षा निर्देशों का पालन करने से कई जानें बची हैं। बचाव दल उन जगहों पर पहुंच गए हैं जहां मिसाइलें गिरी थीं। फिलहाल लोगों को सुरक्षित जगहों (शेल्टर) से बाहर निकलने की अनुमति दे दी गई है। लेकिन साथ ही लगातार सतर्क रहने और सुरक्षा संबंधी आधिकारिक निर्देशों का पालन करने का आग्रह भी किया और भीड़भाड़ वाले इलाकों से दूर रहने को कहा गया है।
लेबनान में हिजबुल्लाह पर की बड़ी कार्रवाई
इस बीच, इस्राइली सेना ने लेबनान में हिजबुल्लाह के खिलाफ 'ऑपरेशन रोरिंग लायन' तेज कर दिया है। इस्राइली रायली वायुसेना ने हिजबुल्लाह के रॉकेट लॉन्चरों और उनके ठिकानों पर कई हवाई हमले किए। सेना का कहना है कि उन्होंने उन लॉन्चरों को निशाना बनाया जो इस्राइल पर हमला करने की तैयारी में थे। अब तक हिजबुल्लाह के सैकड़ों ठिकानों को नष्ट किया जा चुका है ताकि इस्राइली नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
ये भी पढ़ें: Israel-Iran War: 'हम पीछा करेंगे, खोजेंगे और खात्मा करेंगे', ईरान के नए सुप्रीम लीडर पर इस्राइल का कड़ा रुख
अमेरिका के रक्षा मंत्रालय ने क्या कहा?
इस बीच, अमेरिका की डिपार्टमेंट ऑफ वॉर ने एक्स पर एक पोस्ट शेयर की, जिसमें उन्होंने लिखा, 'हम राष्ट्रपति ट्रंप के आदेशों को पूरी रफ्तार और सटीकता के साथ पूरा कर रहे हैं। ऑपरेशन 'एपिक फ्यूरी' ने ईरान की सेना को पूरी तरह से तबाह कर दिया है।' अमेरिकी नौसेना के एडमिरल ब्रैड कूपर ने बताया कि उनकी वायुसेना और नौसेना ने अब तक 6,000 से ज्यादा उड़ानें भरी हैं। अमेरिका ने ईरानी आसमान पर अपना पूरा नियंत्रण बना लिया है। इस ऑपरेशन का मकसद ईरान की सैन्य ताकत को खत्म करना है।
अमेरिका ने ईरान पर की कार्रवाई
अमेरिका ने ईरान के तटीय इलाकों और होर्मुज जलडमरूमध्य के पास स्थित मिसाइल ठिकानों पर 5,000 पाउंड के भारी बंकर बस्टर बमों से हमला किया है। ये बम जमीन के अंदर गहराई तक मार करने में सक्षम हैं। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने कहा कि ईरान की ये मिसाइलें अंतरराष्ट्रीय जहाजों के लिए बड़ा खतरा थीं। अमेरिका का लक्ष्य ईरान की बैलिस्टिक मिसाइलों, ड्रोन और नौसैनिक खतरों को पूरी तरह खत्म करना है। क्षेत्र में तनाव चरम पर है और दोनों देशों की सेनाएं हाई अलर्ट पर हैं।
अन्य वीडियो-