चीफ जस्टिस का बयान
इस अवसर पर पाकिस्तान के मुख्य न्यायाधीश साकिब निसार का बयान भी सारे अखबारों में छाया हुआ है। अखबार 'दुनिया' के अनुसार मुख्य न्यायाधीश साकिब निसार ने एक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि उनके होते हुए सिर्फ कानून का राज चलेगा और तानाशाही के बारे में कोई सपने में नहीं सोच सकता। उनका कहना था, "मुल्क में सिर्फ एक ही शासन प्रणाली है और वो है लोकतंत्र, लोकतंत्र और सिर्फ लोकतंत्र। इसे पटरी से नहीं उतरने देंगे।" पाकिस्तान के अल्पसंख्यकों को विश्वास दिलाते हुए मुख्य न्यायाधीश ने कहा, "अल्पसंख्यक न्यायपालिका की जान हैं जिनके अधिकारों की सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी है।"
पुलिस अधिकारी राव अनवार की गिरफ्तारी
दो महीने से फरार सिंध पुलिस के पूर्व एसएसपी ने आखिरकार बुधवार को सुप्रीम कोर्ट में सरेंडर किया जिसके फौरन बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। राव अनवार पर आरोप है कि उन्होंने कराची में 27 साल के नकीबुल्लाह महसूद और उनके तीन साथियों को तालिबान चरमपंथी बताकर फर्जी मुठभेड़ में मार दिया था। लेकिन जब नकीबुल्लाह के परिवार वालों ने विरोध प्रदर्शन किया तो जांच हुई जिसमें नकीबुल्लाह को बेगुनाह पाया गया। अदालत ने उनके
खिलाफ वॉरंट जारी किया, लेकिन वो दो महीने से फरार थे। अखबार 'जंग' के मुताबिक उन्हें गिरफ्तार कर कराची ले जाया गया है। 58 साल के राव अनवार ने अपने 35 साल के पुलिस करियर में 444 लोगों को मुठभेड़ में मारा है।
हुसैन हक्कानी के खिलाफ मुकदमा दर्ज
'रोजनामा खबरें' के अनुसार मेमोगेट मामले में पाकिस्तान ने अमेरिका में पाकिस्तान के पूर्व राजदूत रह चुके हुसैन हक्कानी को अमेरिका से गिरफ्तार कर पाकिस्तान लाने के लिए इंटरपोल से मदद मांगी है। हक्कानी पाकिस्तान नहीं जाते हैं, लेकिन वो भारत समेत दुनिया भर के कई देशों में आजादी के साथ घूमते हैं। लेकिन अब पाकिस्तान ने उनकी गिरफ्तारी के लिए मुहिम तेज कर दी है।