पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों जैसे हिंदुओं और सिखों की हालत बेहद खराब है। समय-समय पर इसकी बानगी देखने को भी मिलती है। हाल ही में पाकिस्तान के एक हिंदू सांसद ने भी इसे लेकर सवाल खड़े किए थे। वहीं, अब भारत ने भी इस पर चिंता जाहिर की है। यहां के एक संगठन इंडियन वर्ल्ड फोरम ने पाकिस्तान में हिंदुओं और सिखों पर हो रहे अत्याचारों को लेकर मुस्लिम विश्व लीग के सामने अपनी चिंता जाहिर की है। साथ ही मांग की है कि वह अल्पसंख्यकों की सुरक्षा और उनके धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पाकिस्तान के नेतृत्व के साथ वार्ता करे। बता दें कि यह संगठन विभिन्न देशों में प्रवासी भारतीयों के लिए काम करता है।
पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों की स्थिति को लेकर इंडियन वर्ल्ड फोरम ने मुस्लिम वर्ल्ड लीग के महासचिव मोहम्मद बिन अब्दुलकरीम अल-इस्सा पत्र लिखा है। इसमें इंडियन वर्ल्ड फोरम के अध्यक्ष पुनीत सिंह चंडोक ने कहा कि पाकिस्तान में अपहरण, जबरन वसूली, राज्य प्रायोजित अल्पसंख्यकों की हत्याओं से लेकर युवा हिंदू और सिख लड़कियों के जबरन धर्म परिवर्तन तक अत्याचार शामिल हैं। ये बहुत बड़ी चिंता की बात है।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों की जनसंख्या में कमी पड़ोसी देश द्वारा संयुक्त राष्ट्र चार्टर का अनुपालन न करना दर्शाती है। उन्होंने पत्र में पाकिस्तान के कई राज्यों का भी जिक्र किया है, जहां अल्पसंख्यकों पर अत्याचार हो रहे हैं। पुनीत सिंह चंडोक ने कहा कि हाल में खैबर पख्तूनख्वा, पंजाब और सिंध प्रांतों में रहने वाली कई युवा हिंदू और सिख लड़कियां लापता हो गईं या उनका अपहरण कर लिया गया। साथ ही इन राज्यों में बड़ी संख्या में हिंदू और सिख लड़कियां यौन शोषण और दुर्व्यवहार का शिकार भी हो रही हैं।
चंडोक ने यह भी कहा है कि उनके माता-पिता और अभिभावकों द्वारा स्थानीय अधिकारियों से इस बाबत कई बार शिकायतें भी की गईं। बावजूद इसके पाकिस्तान सरकार कोई भी उत्तरदायी कार्रवाई करने में फेल रही है। इतना ही नहीं, वहां के अधिकारी अल्पसंख्यकों के खिलाफ जघन्य अपराधों में शामिल लोगों की सुरक्षा कर रहे हैं।
चंडोक ने अपने पत्र में मुस्लिम वर्ल्ड लीग के महासचिव से मांग करते हुए लिखा कि आप वहां रहने वाले हिंदुओं, सिखों और अन्य धर्मों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उनके अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। इसके लिए वे पाकिस्तान के नेतृत्व से संपर्क करने और स्थिति में हस्तक्षेप करने पर विचार कर सकते हैं। साथ ही चंडोक ने पाकिस्तान सरकार से भी अपील की है कि उसे देश में रहने वाले अल्पसंख्यकों के धार्मिक स्थलों और संपत्तियों की पूर्ण पवित्रता सुनिश्चित करनी चाहिए।
बता दें कि मुस्लिम वर्ल्ड लीग (MWL) एक अंतरराष्ट्रीय गैर सरकारी संगठन है जिसका मुख्यालय मक्का में है। इसमें सभी इस्लामी देशों और संप्रदायों के सदस्य शामिल हैं। मुस्लिम वर्ल्ड लीग का उद्देश्य इस्लाम और उसके सहिष्णु सिद्धांतों को प्रस्तुत करना, मानवीय सहायता प्रदान करना, सभी के साथ संवाद और सहयोग का विस्तार करना, उग्रवाद, हिंसा का को रोकना है।