शांति सैनिकों के लिए सबसे चुनौतीपूर्ण जगहों में शुमार अफ्रीकी देश कांगों में संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन के लिए भारत की तरफ से आए महिला शांतिसैनिकों के दल ने कार्यभार संभाल लिया है। यह दल यहां चल रहे संघर्ष से सर्वाधिक पीड़ित महिलाओं और बच्चों की मदद करने आया है। भारत की ओर से आए महिला शांतिसैनिकों के दल में 20 महिला शांतिसैनिक हैं और इन्हें गत सप्ताह डीआर कांगो में संयुक्त राष्ट्र संगठन स्थिरता मिशन के तहत नियुक्त किया गया है।
स्थायी मिशन के सैन्य सलाहकार संरा कर्नल संदीप कपूर ने बताया कि यह तैनाती महासचिव एंतोनियो गुतारेस की पहल और प्राथमिकता के अनुरूप की गई है ताकि संयुक्त राष्ट्र में महिला शांतिसैनिकों की सहभागिता को बढ़ाया जा सके। कपूर ने बताया कि इस दल को डीआर कांगो के उत्तरी कीवू प्रांत में तैनात किया गया है। यह क्षेत्र प्राकृतिक संसाधनों से भरपूर है और इस पर कब्जे को लेकर करीब 38 सशस्त्र समूह संघर्षरत हैं।
बता दें कि महिला शांतिसैनिकों का यह दल स्थानीय महिलाओं और बच्चों की मदद करेगा जो कि इस संघर्ष में सबसे अधिक प्रभावित हैं। 26-37 वर्ष के बीच आयु वर्ग के सैनिकों को इस कार्य के लिए हर परिस्थिति से बिना हथियार भी निपटने के प्रशिक्षण दिए गए हैं।