एक भारतीय महिला ने अचानक प्रसव पीड़ा महसूस होने पर एक महिला इंस्पेक्टर की मदद से दुबई हवाई अड्डे पर ही एक बच्चे को जन्म दिया। शनिवार को मीडिया रिपोर्ट में दी गई जानकारी के अनुसार, एक अज्ञात महिला दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल 2 पर थी कि तभी उसे प्रसव पीड़ा होने लगी।
वहीं हवाई अड्डे पर मौजूद एक महिला इंस्पेक्टर कॉर्पोरल हनान हुसैन मोहम्मद ने तेजी से कार्रवाई करते हुए गर्भवती महिला को बचाने के लिए हवाई अड्डे के निरीक्षण कक्ष में ले गई। जहां महिला इंस्पेक्टर ने न केवल उस महिला को प्रसव में मदद की, बल्कि जन्म के बाद नवजात बच्चा सांस नहीं ले पा रहा था, तो उस महिला इंस्पेक्टर ने कार्डियो-पल्मोनरी रिससिटैशन (सीपीआर) देकर उसकी जान भी बचाई।
बाद में महिला इंस्पेक्टर ने एम्बुलेंस को फोन करके मां और उसके बच्चे को शहर के लतीफा अस्पताल में भर्ती कराया। दुबई पुलिस में हवाई अड्डे के सुरक्षा निदेशक ब्रिगेडियर अली अतीक बिन लाहेज ने उस इस्पेक्टर के साहसिक कदम के लिए सम्मानित किया।