कनाडा में एक बस दुर्घटना में भारतीय नागरिक सहित चार लोगों की मौत हो गई। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत में क्रिसमस की पूर्व संध्या पर बर्फीले हाईवे पर एक बस पलट गई। इस हादसे में भारत के एक सिख व्यक्ति सहित चार लोगों की मौत हो गई। स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में घायल 52 लोगों को अस्पताल लाया गया। इनमें से 36 का इलाज चल रहा है।
बताया गया है कि ईबस (Ebus) द्वारा संचालित बस ब्रिटिश कोलंबिया के पश्चिम की ओर जा रही थी, इस दौरान यह हादसा हुआ। दुर्घटना में 50 से अधिक लोग घायल हुए हैं। स्थानीय अधिकारियों ने कहा, आशंका है कि हाईवे पर बर्फ जमी होने के कारण बस पलट गई। हालांकि, दुर्घटना की वजह की सटीक जानकारी जांच के बाद ही सामने आएगी।
कनाडा के अधिकारियों ने अभी तक मृतकों की पहचान के बारे में जानकारी नहीं दी है। कनाडा में छपने वाले पंजाबी अखबार के पत्रकार गुरप्रीत एस सहोता ने दावा किया है कि वैंकूवर-केलोना हाईवे पर हुई दुर्घटना में मारे गए लोगों में अमृतसर का 41 वर्षीय सिख व्यक्ति भी शामिल है, जो हाल ही में वर्क परमिट पर कनाडा गए थे। उन्होंने ट्वीट किया कि सिख मृतक करणजोत सिंह सोढ़ी ओकनगन वाइनरी के एक रेस्त्रां में शेफ के रूप में काम करते थे।