पिछले साल सिंगापुर के एक स्विमिंग पूल में छह नाबालिग लड़कियों के साथ छेड़छाड़ के आरोप में बुधवार को 37 वर्षीय भारतीय नागरिक को 20 हफ्ते की जेल की सजा सुनाई गई। सिंगापुर में एक इंफ्रास्ट्रक्चर इंजीनियर के तौर पर काम करने वाले जॉब मैथ्यू पनाक्कल को नाबालिग लड़कियों के शील को भंग करने के तीन आरोपों में दोषी ठहराया गया, जबकि अन्य चार आरोपों पर विचार किया जा रहा है।
चैनल न्यूज एशिया ने बताया कि पीड़ित लड़कियों की उम्र 10 से 13 वर्ष के बीच थी। एक सामाजिक कार्यकर्ता द्वारा दायर पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, सितंबर में उत्तर पूर्वी उपनगर हाउसिंग एस्टेट के होउगांग स्विमिंग कॉम्प्लेक्स में जॉब ने पूल में तैर रही लड़कियों के साथ छेड़छाड़ की कोशिश की थी।
अदालत में बताया गया कि जॉब ने इन लड़कियों को गलत तरीके से छूने का प्रयास किया था, जिसकी शिकायत लड़कियों ने अपने तैराकी प्रशिक्षक को की थी। नाबालिगों के शील को भंग करने के लिए, जॉब को पांच वर्ष तक की जेल, जुर्माना लगाया जा सकता था, या इन दंडों में से कोई संयोजन दिया जा सकता था।