भारतीय मूल की महिला पर हत्या का केस दर्ज
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
ब्रिटेन में भारतीय मूल की 39 वर्षीय महिला पर एक व्यक्ति की हत्या का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने पश्चिमी लंदन के हाउंसलो निवासी हरिंदर कौर को गिरफ्तार करने के बाद उन पर हत्या और न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित करने (सबूत छिपाने या जांच में बाधा डालने) का आरोप लगाया है।
यह भी पढ़ें-
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का दावा: ईरान से नहीं टूटा कूटनीतिक संपर्क, बातचीत लगातार जारी; जल्द होगी बड़ी डील
वैन के अंदर मिला था एक व्यक्ति का शव
मामला इंग्लैंड के लीसेस्टर शहर का है, जहां 27 मई को शहर के केंद्र स्थित गार्डन स्ट्रीट में खड़ी एक वैन के अंदर एक व्यक्ति का शव मिला था। शाम करीब 5:30 बजे एक स्थानीय व्यक्ति ने पुलिस को वाहन की संदिग्ध स्थिति की सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब वैन का दरवाजा तोड़कर खोला तो अंदर एक व्यक्ति का शव मिला। प्रारंभिक जांच लीसेस्टरशायर पुलिस और ईस्ट मिडलैंड्स स्पेशल ऑपरेशंस यूनिट (EMSOU) ने की। जांच के दौरान पता चला कि वैन पश्चिमी लंदन के एक पते पर पंजीकृत थी। इसके बाद मामले की मुख्य जांच की जिम्मेदारी मेट्रोपॉलिटन पुलिस को सौंप दी गई।
हरिंदर कौर हत्या के संदेह में गिरफ्तार
पुलिस ने वैन के पंजीकृत मालिक के पते का पता लगाने के बाद हाउंसलो में एक संपत्ति की तलाशी ली। इसके बाद हरिंदर कौर को हत्या के संदेह में गिरफ्तार किया गया। अब उन पर औपचारिक रूप से हत्या और न्यायिक प्रक्रिया में बाधा डालने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है और उसके परिजनों का पता लगाने का प्रयास जारी है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव वैन तक कैसे पहुंचा।
यह भी पढ़ें-
US: 24 जुलाई को फिर होगा व्हाइट हाउस संवाददाता संघ का रात्रिभोज, राष्ट्रपति ट्रंप ने शामिल होने की पुष्टि की
पुलिस ने आम जनता से सहयोग की अपील की
मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने जनता से भी सहयोग की अपील की है। पुलिस विशेष रूप से ऐसे लोगों से जानकारी मांग रही है जिनके पास डोरबेल कैमरा या डैशकैम फुटेज हो, जिसमें सफेद रंग की फोर्ड ट्रांजिट वैन (रजिस्ट्रेशन नंबर BF18 VNV) लंदन से लीसेस्टर जाते हुए दिखाई दे रही हो। अधिकारियों का मानना है कि ऐसी फुटेज जांच में महत्वपूर्ण सुराग दे सकती है। हरिंदर कौर को इस सप्ताह लीसेस्टर मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया जाएगा, जहां मामले की आगे की सुनवाई होगी। पुलिस ने कहा है कि जांच अभी जारी है और मृतक की पहचान तथा घटना के पूरे घटनाक्रम का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।