अमेरिकी सांसद रो खन्ना (फाइल फोटो)
- फोटो : Ro Khanna Twitter
अमेरिकी सांसद रो खन्ना के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले भारतीय-अमेरिकियों के एक समूह ने उन आरोपों को खारिज किया है कि उनका विरोध किसी राजनीतिक वजह से था। समूह ने कहा कि उनके विरोध प्रदर्शन को कुछ और शक्ल देने की कोशिश की जा रही है।
खन्ना की तरफ से कैलिफोर्निया के कुपरटिनो में बुलाई गई बैठक (टाउनहॉल) वाले स्थान के बाहर भारतीय मूल के अमेरिकी लोगों ने बृहस्पतिवार को प्रदर्शन किया था। उनका दावा था कि खन्ना ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए महात्मा गांधी का विरोध करने वाले कार्यकर्ताओं अमर शेरगिल और पीटर फ्रेडरिक के विचारों को बढ़ावा दिया और इससे समुदाय के भीतर रोष है।
खन्ना की बैठक के आयोजकों ने बृहस्पतिवार को दावा किया था कि ये प्रदर्शन हिंदू स्वयंसेवक संघ (एचएसएस) ने आयोजित किए थे और प्रदर्शनकारियों ने राजनीतिक वजहों से ऐसा किया। एचएसएस और प्रदर्शनकारियों ने शनिवार को इसे खारिज करते हुए कहा कि प्रदर्शन के स्वरूप को लेकर गुमराह करने के प्रयास हो रहे हैं।