कॉमेडियन मंजूनाथ नायडू (फाइल फोटो)
- फोटो : Facebook
भारतीय मूल के एक स्टैंडअप कॉमेडियन की दुबई में स्टेज शो करते समय मौत हो गई। कॉमेडियन का नाम मंजूनाथ नायडू था। नायडू जब दर्शकों के सामने स्टेज पर परफॉर्म कर रहे थे तो अचानक उन्हें बहुत ज्यादा घबराहट होने लगी। 36 साल के नायडू को शो परफॉर्मेंस के दौरान दिल का दौरा पड़ा।
उन्होंने बहुत ज्यादा घबराहट होने की बात की और पास रखी कुर्सी पर बैठ गए। इसके एक मिनट बाद ही वह जमीन पर गिर गए। दर्शकों को लगा कि यह उनके शो का हिस्सा है। उनका जन्म अबु धाबी में हुआ था लेकिन बाद में वह दुबई में बस गए थे।
नायडू के दोस्त और साथी कॉमेडियन मिकदाद दोहादवाला ने बताया, 'वह अपना आखिरी एक्ट कर रहे थे। वह स्टेज पर गए और लोगों को अपनी कहानियों के जरिए हंसाने की कोशिश करने लगे। वह अपने पिता और परिवार के बारे में बात कर रहे थे। तभी उन्होंने बताया कि कैसे वह घबराहट से पीड़ित हैं। इसके एक मिनट बाद वह जमीन पर गिर गए।'
दोहादवाला ने कहा कि लोगों को लगा कि यह एक्ट का हिस्सा है। उन्होंने उनकी घबराहट वाली बात और जमीन पर गिरने की घटना को मजाक के तौर पर लिया। डॉक्टर उन्हें बचा नहीं पाए। उन्होंने आगे कहा, 'उनके माता-पिता गुजर चुके हैं और उनका एक भाई है लेकिन यहां कोई रिश्तेदार नहीं है। कला और कॉमेडी सर्कल वाले ही उनका परिवार हैं।'